-
Advertisement
पुण्य तिथि पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को किया याद, दी श्रद्धांजलि
Last Updated on January 30, 2020 by Deepak
हिमाचल अभी अभी। प्रदेश भर में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) की पुण्यतिथि पर गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी कुर्बानी को याद किया गया। इस दौरान महात्मा गांधी और स्वतंत्रता सेनानियों की याद में दो मिनट का मौन भी रखा गया। राजधानी में रिज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव अनिल खाची ने पुष्प अर्पित किए और देश के लिए महात्मा गांधी के योगदान को याद किया।
यह भी पढ़ें: महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर CAA-NRC का विरोध, Ridge पर किया मौन प्रदर्शन
मुख्य सचिव अनिल खाची ने कहा कि महात्मा गांधी अहिंसा और सत्य के पुजारी थे। देश को आजाद करने में महात्मा गांधी ने अहम भूमिका अदा की थी। वहीं प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ताओं सहित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के कर्मचारियों ने गांधी जी की फ़ोटो पर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
शहीदों के सम्मान में थमी मंडी
मंडी। स्वतन्त्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्यौछावर वाले वीर, वीरांगनाओं व शहीदों की स्मृति व सम्मान में गुरुवार को मंडी शहर दो मिनट के लिए मानों थम सा गया। सुबह ठीक 11 बजे डीसी ऑफिस से बजे घुग्घू की आवाज सुनते ही जो जहां था, वहीं ठहर गया। सरकारी कार्यालयों के अलावा बाजार में और सड़क पर भी लोग जहां थे वहीं रूक गए। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार मंडी की सड़कों पर पुलिस कर्मियों ने वाहनों की आवाजाही को भी रोक दिया। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर उन्हें याद किया व उनके साथ साथ देश के सभी स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों की स्मृतियों को नमन किया।
धर्मशाला में मंत्री सरवीन चौधरी ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की
धर्मशाला। मंत्री सरवीन चौधरी ने महात्मा गांधी की 72वीं पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया तथा बच्चों को स्वच्छता तथा सत्य अहिंसा की राह पर चलने के लिए प्रेरित किया। वहीं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर डीसी कार्यालय परिसर में अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीदी दिवस के अवसर पर दो मिनट का मौन
सोलन। डीसी कार्यालय के सभागार में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर दो मिनट का मौन रखा गया। इस दिवस को देश में शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। उपस्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मनाया राष्ट्रीय कुष्ठ रोग दिवस
ऊना। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सौजन्य से आज क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के सभागार में जिला स्तरीय राष्ट्रीय कुष्ठ रोग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमण कुमार शर्मा ने कहा कि आज के दिन हम महात्मा गांधी की शहादत को याद करते हैं तथा जन समुदाय को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक करते हैं। इस वर्ष का थीम कुष्ठ रोग से जुड़े भेदभाव, कलंक और पूर्वाग्रह को समाप्त करना है और सरकार का लक्ष्य देश से कुष्ठ रोग का पूर्णतया उन्मूलन करना है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित।
नूरपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि तथा देश की स्वतन्त्रता के लिए बलिदान देने वाले शहीदों की याद और उनके सम्मान में स्थानीय मिनी सचिवालय में अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर आईएएस (प्रोवशनर) एंव तहसीलदार नूरपुर अभिषेक वर्मा ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया व उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।