- Advertisement -
नई दिल्ली। देश की राजधानी में महिलाओं को लेकर अपराध कम नहीं हो रहा है। बहरहाल, गाजीपुर में एक कैब ड्राइवर ने महिला जज को अगवा करने की कोशिश की, लेकिन समय रहते पुलिस के आ जाने से यह वारदात टल गई। बताया जा रहा है कि महिला जज कैब के जरिए मध्य दिल्ली से कड़कड़डूमा कोर्ट जा रही थीं। पुलिस ने आरोपी कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है, उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, एक महिला जज मध्य दिल्ली स्थित अपने घर से कैब में बैठी थीं, उन्हें कैब वाले को कड़कड़डूमा कोर्ट जाने के लिए कहा, लेकिन उसने हापुड़ की तरफ मोड़ दिया।
कैब का रूट बदलता देख महिला जज को शक हुआ। उन्होंने ड्राइवर को फिर से कड़कड़डूमा कोर्ट की तरफ जाने के लिए कहा, तो उसने अनसुनी कर दी। इसके बाद महिला जज ने तुरंत पुलिस को फोन करके मदद मांगी। समय रहते पुलिस ने गाजीपुर के पास कैब को घेर लिया। कैब ड्राइवर को गिरफ्तार करके महिला जज को सकुशल उनके घर पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपी राजीव कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कैब ड्राइवर राजीव कुमार दिल्ली के शाहदरा का रहने वाला है। दिल्ली हाईकोर्ट की कार्यकारी चीफ जस्टिस गीता मित्तल ने महिला जजों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहना है कि महिला जजों की सुरक्षा को देखते हुए अलग से कार की सुविधा मिलनी चाहिए।
- Advertisement -