- Advertisement -
फतेहपुर। यहां से लापता दो लड़के मिल गए हैं। पुलिस को दोनों लापता लड़के भरमाड़ में मिले हैं। फतेहपुर पुलिस ने परिजनों को साथ लेकर पूरी रात थाना के साथ पंजाब के तलवाड़ा का चप्पा-चप्पा छान मारा लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह बच्चों के गांव का एक व्यक्ति केबल सिंह भरमाड़ गया था जिसने बच्चों को बहां बैठे हुए पाया। उसने तुरन्त इसकी सूचना बच्चों के अभिभावकों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अभिभावकों को साथ लेकर भरमाड़ पहुंची और वहां से बच्चों को सकुशल फतेहपुर पहुंचाया।
ये भी पढ़ें : बिग ब्रेकिंगः बच्चा चोर गिरोह की अफवाहों के बीच फतेहपुर से दो लड़के लापता
पुलिस ने बच्चों से पूछताछ की लेकिन वह ठीक तरह कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं। बड़ा लड़का साहिल बता रहा है कि उन्हें पता नहीं चला कि वह कब फतेहपुर से निकले। वो ट्रेन से पठानकोट गए थे और वहां से भरमाड़ आए, जहां से उन्हें फतेहपुर लाया गया। जवाली और फतेहपुर का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे डीएसपी देहरा लाल मन ने बताया कि बच्चों का मेडिकल करवाकर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। बच्चे भरमाड़ कैसे पहुंचे इसके बारे में पुलिस छानबीन जारी रखेगी।
एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने बताया कि बीती शाम लड़कों के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामला दर्जकर जांच में जुट गई थी। कांगड़ा के सभी थाना के एसएचओ को अलर्ट पर रखा गया था। डीएसपी देहरा और डीएसपी नूरपूर ने संयुक्त रूप से लड़कों की तलाश का जिम्मा संभाला था। पुलिस (Police) सरगर्मियों से लड़कों की तलाश कर रही थी। वहीं, पड़ोसी राज्यों के थानों में भी डिटेल भेजी थी। पुलिस के प्रयासों के बाद लड़के रविवार सुबह भरमाड़ से मिले। लड़कों के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि बच्चा चोर गिरोह की फैल रहीं अफवाहों के बीच शनिवार शाम फतेहपुर (Fatehpur) से दो लड़कों के गायब (Missing) होने की खबर मिली थी। साहिल (16) पुत्र सुभाष और अभिषेक (8) पुत्र देवराज निवासी फतेहपुर जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में निकली झाकियां देखने घर से निकले थे। झांकियां खत्म होने के काफी देर बाद तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजन पुलिस स्टेशन फतेहपुर पहुंचे और मामले की शिकायत की। पुलिस शनिवार से दोनों की तलाश में जुटी हुई थी।
- Advertisement -