- Advertisement -
ऊना। नंदपुर में कानूनगो के घर हुई चोरी मामले में पुलिस ने दो सुनारों को चोरी के गहने खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जिन्हें शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को चार दिन के रिमांड पर भेज दिया है। इन दोनों सुनारों को गिरफ्तार चोर गिरोह के एक सदस्य की निशानदेही पर जसूर व रैहन से गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार 28 अगस्त को नंदपुर में एक कानूनगो के घर में एक चोर गिरोह ने रात के समय सेंधमारी करके करीब 35 हजार रुपए व लाखों रुपए के सोने व चांदी के गहनों पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर उक्त चोर गिरोह की तलाश शुरू की थी। पुलिस को चोर गिरोह के एक सदस्य रोहित उर्फ कुरी के नगरोटा बगवां में छीपे होने की सूचना मिली, जिसके चलते पुलिस ने दबिश देकर आरोपित रोहित को गिरफ्तार कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था।
पुलिस रिमांड के दौरान ही आरोपित ने उगला था कि नंदपुर में चोरी किए हुए गहने इन सुनारों को बेचे थे। इसी आधार पर पुलिस ने गुरुवार को रैहन व जसूर में दबिश देकर इन दोनों सुनारों को गिरफ्तार किया था। थाना प्रभारी अम्ब गौरव भारद्वाज कहना है कि पुलिस ने चोरी के गहने खरीदने के आरोप में दो सुनारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश करके चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
- Advertisement -