- Advertisement -
नाहन। मवेशियों का शिकार करने के इरादे से रात के समय दबे पांव गौशाला में घुसा तेंदुआ (Leopard) खुद ही ढेर हो गया। भले ही यह बात सबको हैरान व परेशान कर देने वाली है, लेकिन मवेशियों की एकजुटता ने इस बात को यथार्थ कर दिखाया है। हर किसी के रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना संगड़ाह उपमंडल की शिवपुर पंचायत की है। बीती रात करीब 2 बजे यह वारदात उस समय सामने आई जब खुंखार तेंदुए दो बैल व एक गाय व बछड़े से भिड़ते हुए खुद ही मौत का निवाला बन बैठा। हालांकि, इससे पहले तेंदुए ने तीन लोगों पर भी हमला किया, जिन्हें अस्पताल (Hospital) में भर्ती किया गया है।
महिलाओं व एक बच्चे पर झपटने के बाद तेंदुआ इसी गांव की गौशाला में घुस गया। फिर क्या… गौशाला के भीतर मवेशियों ने एकजुटता दिखाते हुए अंत समय तक तेंदुए से टक्कर ली। इसी बीच ग्रामीण भी गौशाला तक पहुंच चुके थे। मगर, गौशाला के भीतर जाने की हिम्मत ग्रामीण नहीं कर पाए। पशुपालक ने अपनी गौशाला को बाहर से बंद कर दिया और भीतर तेंदुआ व खुंटे में बंधे मवेशी आमने-सामने थे। तकरीबन एक घंटे तक तेंदुआ व मवेशी खूब गुत्थमगुत्था हुए। तड़के पांच बजे तक बैलों व गाय ने तेंदुए को ही गौशाला के भीतर ढेर कर दिया। इस हमले में सभी मवेशी भी बुरी तरह घायल हुए हैं। पंचायत शिवपुर के प्रधान कंठीराम ने बताया कि मदन सिंह की गौशाला में घुसे तेंदुए को मवेशियों ने ढेर कर दिया। उन्होंने बताया कि रात के समय ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना उन्हें दी थी।
उन्होंने बताया कि हिंसक तेंदुओं ने इलाके में कईं दिनों से आतंक मचाया हुआ है। उन्होंने इससे पहले तीन लोगों पर तेंदुआ हमला करने का बाद गौशाला पहुंचा था। बता दें कि इससे पहले तेंदुए ने इसी गांव के एक और घर में घुसकर दो महिलाओं पर व एक बच्चे पर हमला किया। तेंदुए ने गोविंद सिंह के घर में घुसकर उसकी पत्नी रक्षा देवी पर हमला किया। इसके बाद तेंदुआ इसी गांव के सतपाल के घर में घुसा जहां, उनकी पत्नी कमलेश पर हमला कर उसे बुरी तरह से घायल किया। सोमवार सुबह संगड़ाह में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों महिलाओं को मेडिकल कॉलेज नाहन (Medical College Nahan) के लिए रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचान वन विभाग के अधिकारियों को दी है।
- Advertisement -