सरकाघाटः दो मंजिला स्लेटपोश मकान जलकर राख, लाखों का नुकसान
Update: Monday, April 29, 2019 @ 7:45 PM
सरकाघाट। उखला वारस गांव में एक दो कमरों का दो मंजिला स्लेटपोश मकान जलकर राख हो जाने का मामला सामने आया है। पुलिस थाना हटली (Hatli Police Station) से मिली जानकारी के अनुसार राम सिंह पुत्र लोभी राम अपने परिवार के साथ खेतों में गेंहू काटने गया था। राम सिंह के मकान के ऊपर से उसके पड़ोसियों ने धुंआ उठता हुआ देखा और शोर मचाने लगे। पुलिस थाना हटली को फोन कर घटना बारे सूचना दी।
सूचना मिलते ही हटली थाना प्रभारी ने फायर ब्रिगेड घुमारवीं (Fire brigade Ghumarwin) और सरकाघाट को भी फोन कर सूचना दी। स्वयं भी पुलिस के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर नियंत्रण करने की कोशिश की। इसी बीच दोनों जगहों से फायर ब्रिगेड (Fire brigade) की गाड़ियां भी पहुंच गईं, लेकिन उस समय तक राम सिंह का मकान जलकर राख हो गया था। मकान मालिक के अनुसार उसका 7 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। एसडीएम (SDM) बालकृष्ण चौधरी ने बताया कि राजस्व विभाग के कर्मचारियों को घटनास्थल पर भेज दिया गया है और वे नुकसान का आकलन करने में लग गए हैं। प्रभावित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा। डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने आगजनी की पुष्टि की है।