- Advertisement -
करसोग। मंडी जिला के उपमंडल करसोग (Karsog) की बखरौट पंचायत के जधोग गांव में आज शाम अचानक आग (Fire) लगने से दो मंजिला मकान राख हो गया। आगजनी के वक्त घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग (Revenue Department) के अधिकारियों ने घटना स्थल का दौरा किया और नुकसान की आंकलन रिपोर्ट तैयार कर पीड़ित परिवार को 10 हजार की फौरी राहत जारी कर दी है। जानकारी के मुताबिक बखरोट पंचायत के जधोग गांव में जब लोगों ने एक घर से धुआं उठता देखा तो ग्रामीण इकट्ठे होकर घटना स्थल की ओर दौड़े। यहां पहुंचकर घर में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी भयानक थीं कि आग पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका।
लोगों की आंखों के सामने ही बेगाराम पुत्र धनीराम का खून पसीने से बनाया गया मकान देखते ही देखते राख के ढेर में तब्दील हो गया। मकान में कुल चार कमरे थे, इसमें रखे गए किसी भी सामान को बचाया नहीं जा सका। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और पुलिस की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया। प्रथम दृष्टि से आग लगने का कारण शार्ट सर्किट (Short Circuit) बताया जा रहा है। नायब तहसीलदार करसोग सार्थक शर्मा ने बताया कि हल्का पटवारी ने घटनास्थल का दौरा कर लिया है। नुकसान का आकलन कर लिया गया है। इसमें करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार को फौरी तौर पर 10 हजार की राहत राशि जारी की गई है। डीएसपी अरुण मोदी ने मामले की पुष्टि की है।
- Advertisement -