- Advertisement -
डॉ चांद / नगरोटा बगवां। जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां में चोरों ने दो घरों में लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया। नगरोटा बगवां के निकटवर्ती ग्राम पंचायत ठारू के वार्ड नंबर 9 में देर रात करीब 4 बजे सुदर्शन कुमार के घर चोरों ने एक कमरे का ताला तोड़ कर गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ सोने का एक डेढ तोले का हार, सोने की अंगूठियां चुरा लीं। सुदर्शन कुमार की पत्नी सुरेशना देवी ने बताया कि आज अल सुबह करीब 4.40 पर उसे व उसके पति को साथ लगते कमरे में से आवाज आने का आभास हुआ। जब उन्होंने लाइट जलाई और कमरे के बरामदे में आए तो चोर घर के गेट से भाग निकले।
नगरोटा बगवां पुलिस को इसकी सूचना दी। वहीं नगरोटा थाना प्रभारी भारत भूषण व पुलिस टीम ने घर आकर जांच शुरू की। वहीं दूसरी ओर नगरोटा के वार्ड नंबर 7 के भगवान दास पुत्र चमारू राम के घर से चोरों ने गहने और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की घटना का पता सुबह चला जब भगवान दास की बहू कमरे में गई। कमरे में रखी अलमारी से चोरों ने करीब 5 ग्राम सोने का मांगटिका व 10 हजार रुपए चोरी कर लिए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगरोटा पुलिस प्रभारी भारत भूषण शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामलों की जांच की जा रही है।
- Advertisement -