-
Advertisement
UN की चेतावनी – दोबारा होगा टिड्डी दलों का हमला, कई राज्यों में High Alert जारी
Last Updated on May 29, 2020 by
नई दिल्ली। देश में 26 साल बाद टिड्डी दलों के भयानक हमले से करीब 90 हजार हेक्टेयर फसलें और हरियाली तबाह हो गई है। अभी यह आकलन राजस्थान (Rajasthan) के 20 जिलों के आधार पर ही जारी किया गया है। ऐसे में टिड्डी दलों की चपेट में आने वाली फसलों और हरियाली का आंकड़ा और बढ़ना तय है। राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में टिड्डी दलों के हमले हो रहे हैं। दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा और कर्नाटक ने अपने यहां अलर्ट (Alert) जारी कर दिए, लेकिन सबसे खतरनाक चेतावनी संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) ने दी है। एफएओ ने टिड्डी दलों के बिहार, ओडिशा तक पहुंचने की चेतावनी देने के साथ ही मानसूनी हवाओं के साथ जुलाई में दोबारा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान लौटने की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें: भारत में तेजी से बढ़ रहे Corona के मामले, 24 घंटे में सामने आए 7,466 नए केस
जयपुर समेत करीब 20 राज्यों में आतंक फैलाया
राजस्थान में अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान से राज्य में प्रवेश करने के बाद टिड्डी दलों (Tiddi dal) ने राजधानी जयपुर समेत करीब 20 राज्यों में अपना आतंक फैलाया। अब तक के आकलन में इन जिलों में 90 हजार हेक्टेयर फसलों और हरियाली को नुकसान पहुंचाने की बात सामने आई है। कृषि आयुक्त ओम प्रकाश के मुताबिक, श्रीगंगानगर, नागौर, जयपुर, दौसा, करौली और सवाई माधोपुर होते हुए टिड्डी दलों ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश का रुख कर लिया है। विभाग ने करीब 67 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में टिड्डी दलों को नियंत्रित करने के लिए अभियान चलाए हैं। उन्होंने इस बार टिड्डी दलों के भयानक हमले के लिए पाकिस्तान में खड़ी फसलों की कमी को बड़ा कारण बताया।
संभावना के परीक्षण को एक कमेटी गठित
दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में टिड्डी दलों के संभावित हमले को देखते हुए एक एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइजरी श्रम मंत्री गोपाल राय के आवास पर संबंधित अधिकारियों की बैठक के बाद जारी की गई। अधिकारियों को रात के समय कीटनाशकों के घोल का छिड़काव कराने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही किसानों और अन्य लोगों के लिए जागरूकता अभियान चलाने को भी कहा गया है। हरियाणा के अपर मुख्य सचिव (कृषि और किसान कल्याण) संजीव कौशल के मुताबिक, टिड्डी हमले की संभावना पर सिरसा, फरीदाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। कर्नाटक ने अपने यहां टिड्डी दल पहुंचने की संभावना के परीक्षण को एक कमेटी गठित कर दी है। ओडिशा ने भी अपने यहां एडवाइजरी जारी की है।