-
Advertisement
डॉ राजेश की अगुवाई में हॉकी कांगड़ा ने अनुराग से मिलकर अंतरराष्ट्रीय मैदान के लिए मांगा सहयोग
Last Updated on August 23, 2021 by Vishal Rana
कांगड़ा। हॉकी कांगड़ा ने जिले में अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम (International Hockey Stadium) के निर्माण को लेकर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की। हॉकी कांगड़ा के जिलाध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा (Dr Rajesh Sharma) की अगुवाई में मिले प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में केंद्रीय खेल मंत्री को पूरी योजना भी बताई कि हॉकी कांगड़ा किस स्थान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी मैदान बनाना चाहती है। अनुराग ठाकुर ने हॉकी कांगड़ा की इस मुहिम का समर्थन करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनने से जिला कांगड़ा को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है परन्तु अब हॉकी के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की मुहिम सिरे चढ़ती है तो जिला कांगड़ा को और पहचान मिलेगी। उन्होने हॉकी कांगड़ा द्वारा दिए गए प्रस्ताव पर जल्द मंजूरी देने का भी आश्वासन दिया कि खेल विभाग इस योजना को पूरी करने में हर संभव मदद करेगा।
ये भी पढ़ेः आधी रात को नारों की गूंज के बीच जब बेटा अनुराग घर पहुंचा तो कुछ ऐसा रहा माहौल
अनुराग ठाकुर से मिलने के बाद हॉकी कांगड़ा के अध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा महासचिव सतिन्द्र त्रेहन व प्रेस सचिव रितेश ग्रोवर (Ritesh Grover) ने बताया कि कांगड़ा जिले के कांगड़ा में हलके में ही लगभग 60 एकड़ जमीन हॉकी कांगड़ा ने सही पाई व यह सारी जमीन सरकारी है। उन्होंने बताया कि हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान को लेकर हॉकी कांगड़ा ने कांगड़ा जिले के कई क्षेत्रों में कई जगह का भी आकलन भी किया परन्तु मौसम व अन्य अंतरराष्ट्रीय मापदंड (एयरपोर्ट व 5 स्टार होटल) पूरे नही हो रहे थे जिसके कारण कांगड़ा हलके में ही जमीन का चुनाव किया गया है। उन्होने बताया कि केन्द्रीय मंत्री को राजस्व विभाग के कागज भी दे दिए गए है और अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) का इस अंतरराष्ट्रीय मैदान को लेकर पूरा समर्थन भी मिला है। डॉ राजेश शर्मा ने बताया कि हॉकी कांगड़ा ने अंतरराष्ट्रीय मैदान के लिए एक टीम का भी गठन किया था जो कि मैदान को लेकर अपनी रिपोर्ट देगी। उन्होंने बताया कि उसी रिपोर्ट के आधार पर ही कांगड़ा में अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैदान को हॉकी कांगड़ा ने मंजूर कर इसे खेल विभाग को दिया है। उन्होंने बताया कि हॉकी इंडिया ने भी अंतरराष्ट्रीय मैदान के निर्माण के लिए हामी भरी हुई है और खेल मंत्रालय से मंजूरी मिलते ही इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। डॉ राजेश शर्मा ने बताया कि हॉकी कांगड़ा का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही प्रदेश सरकार से मिलेगा और अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैदान को लेकर ज्ञापन देगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के खेल मंत्री राकेश पठानिया को भी चयनित की गई जमीन का दौरा करवाकर इस दिशा में बढ़ने का काम किया जाएगा।अनुराग ठाकुर से मिलने पहुंचे हॉकी कांगड़ा के दलीप,पंकज, देवेन्द्र नन्ना, सुधीर हैप्पी, अमन, अक्षय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।