- Advertisement -
शिमला। सीएम वीरभद्र सिंह के गतिशील नेतृत्व में कर्मचारियों, पेंशनधारकों व मजदूरों सहित प्रत्येक जनमानस को किसी न किसी रूप में लाभान्वित किया है और राज्य में हो रही इस प्रगति से बीजेपी नेता घबरा गए हैं। कांग्रेस ने प्रेम कुमार धूमल को सुझाव दिया कि वे वीरभद्र सिंह के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाने व षड्यंत्र रचने के वजाए प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों में अपना सहयोग दें, अन्यथा प्रदेश की जनता बीजेपी नेताओं को कभी माफ नहीं करेगी। यह बात यहां जारी प्रेस बयान में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, केहर सिंह खाची, महासचिव राम लाल ठाकुर, कुलदीप सिंह पठानिया तथा प्रवक्ता डॉ. सुभाष मंगलेट व केवल सिंह पठानिया ने कही।
उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि प्रेम कुमार धूमल बीजेपी के भीतर अपना आधार खो बैठे हैं और केवल सुर्खियों में रहने वाले वीरभद्र सिंह के विरूद्ध बेवुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं। आज यहां जारी एक वक्तव्य में कहा कि हिमाचल प्रदेश में सीएम वीरभद्र सिंह तथा प्रदेश में कांग्रेस सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से बौखला कर बीजेपी के नेता प्रेम कुमार धूमल आए दिन अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह को राजनीति में 54 वर्ष से अधिक का लम्बा अनुभव है और वह न केवल छठी बार राज्य के सीएम बने हैं, बल्कि आज प्रदेश के जननायक के रूप में उभर कर सामने आए हैं। मुसाफिर, खाची, ठाकुर, कुलदीप सिंह, डॉ. मंगलेट व पठानिया ने कहा कि सीएम वीरभद्र सिंह ने अपने सभी कार्यकालों के दौरान प्रदेश के विकास में कोई कोर-कसर नहीं रखी है।
उन्होंने कहा कि जहां डॉ. यशवन्त सिंह परमार हिमाचल निर्माता है, वहीं प्रदेश में हुए अभूतपूर्व विकास व प्रदेश को विकास के नए शिखरों तक पहुंचाने के लिए वीरभद्र सिंह को आधुनिक हिमाचल के निर्माता के रूप में जाना जाता है। उन्होंने वीरभद्र सिंह को विकास का मसीहा करार देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कें, पेयजल, सिंचाई व जन कल्याण जैसे सभी क्षेत्रों में अपार विकास सुनिश्चित बनाया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में किए गए एक राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश को शिक्षा तथा समावेशी विकास में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य आंका गया है।
- Advertisement -