-
Advertisement
हिमाचल: सड़क पर झाड़ू लेकर उतरे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, बोले- उपचुनाव में कांग्रेस का होगा सूपड़ा साफ
Last Updated on October 2, 2021 by saroj patrwal
कांगड़ा। हिमाचल (Himachal) में चुनावी रणभेरी का बिगुल बज चुका है। आज से ठीक 28 दिन बाद प्रदेश में मंडी लोकसभा समेत तीन विधानसभा के उपचुनाव होने हैं। ऐसे में दोनों पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। खासकर सत्ताधारी पार्टी के नेता पूरे जोश से चुनावी में रण में अपना जौहर दिखा रहे हैं। वहीं, आज गांधी जयंती के मौके पर गगल में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Cabinet Minister Anurag Thakur) ने स्वच्छता अभियान चलाया। खुद झाड़ू लेकर वे मंडी पठानकोट मार्ग पर सफाई करते दिखे।
यह भी पढ़ें: गांधी जयंती पर सीएम जयराम ने खरीदी जैकेट व डॉ साधना के लिए साड़ी
जीत का चौका लगाएगी बीजेपी
इस मौके पर मीडिया से मुखातिब होते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Cabinet Minister Anurag Thakur) ने कहा कि जनता को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याण कारी नीतियों पर विश्वास है। जनता बीजेपी सरकार की नीतियों को स्वीकारते हुए उपचुनाव में बढ़त दिलाएगी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में होने जा रहे तीन विधानसभा उपचुनाव और संसदीय सीट मंडी पर होने वाले उपचुनाव में बीजेपी (BJP) चारों सीटें जीतकर चुनाव में जीत का चौका लगाएगी।
लोगों के हितों का रखा जाएगा ध्यान
इस दौरान केंद्र सरकार की ओर से बनाए जा रहे फोरलेन को लेकर अनुराग का ध्यान गगल बाजार को बचाने के लिए दिलाया गया। अनुराग ने कहा कि यह केंद्र सरकार की प्रक्रिया है, सभी का हित देखते हुए ही योजनाएं और प्लान बनाए जाते हैं। जनता के हितों के साथ बिल्कुल भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
इन्होंने लिया हिस्सा
उधर, बीजेपी व्यापार प्रकोष्ठ कांगड़ा मंडल के प्रधान तथा व्यापार मंडल गगल के प्रधान देवेंद्र कोहली ने बताया स्वच्छता अभियान में अनुराग ठाकुर सहित सभी भाजपा से जुड़े लोगों ने गगल बाजार में सफाई की। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य एवं बीडीसी अध्यक्ष कुलभाष चौधरी, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष उत्तम चौधरी वीरेंदर चौधरी, सनी सहनी, हिंदू वीर कोहली, राकेश चौधरी, कुलदीप कुमार, पवना चौधरी सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया।