- Advertisement -
चंबा। जिला चंबा में अज्ञात लोग तेंदुए का शिकार कर उसकी खाल और नाखून काटकर ले गए। मामला जिला चंबा में वन विभाग की सरोल बीट में सामने आया है। वन विभाग को स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना दी। घटना की नाजुकता को भांपते हुए वन विभाग ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई। वन विभाग तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम करवाएगा, जिससे मौत की सही वजह का पता चल सके।
जानकारी के अनुसार गत रोज सरोल जंगल में घास काट रहे ग्रामीणों की नजर बिना खाल के जंगली जानवर के शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। वन विभाग की ओर से आरओ कुलदीप कालिया की अगुवाई में वन रक्षक राजीव कुमार, हितेश व अभिनव और वन पाल सुनील ठाकुर ने मौके पर पहुंचे और जांच की तो शव तेंदुए का पाया। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि तेंदुए को दो-तीन दिन पहले शिकारियों ने अपना निशाना बनाया है। वहीं, जांच में गोली से तेंदुए का शिकार किया लग रहा है। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद तेंदुए की खाल व नाखून भी काट कर ले गए हैं। उधर, वन विभाग लोअर रेंज चंबा के आरओ कुलदीप कालिया ने बताया कि शिकारियों द्वारा निशाना बनाए गए फीमेल तेंदुए की उम्र दो से अढाई वर्ष के बीच रही होगी। उन्होंने बताया कि वन व पुलिस विभाग अपने- अपने स्तर पर जांच में जुटे हुए हैं।
- Advertisement -