-
Advertisement
![](https://himachalabhiabhi.com/wp-content/uploads/2020/04/yogi-2.jpg)
Coronavirus: योगी सरकार ने 11 लाख कंस्ट्रक्शन लेबरों के खाते में डाले 1-1 हजार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के संकट के दौरान तंगहाली से जूझ रहे लाखों दैनिक मजदूरों की सुध ली है। सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को प्रदेश के बड़े अधिकारियों के साथ इसी मसले पर समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने चार लाख से अधिक शहरी वेंडर्स को सीधे आर्थिक मदद भी ट्रांसफर की। इसके अलावा उत्तर प्रदेश (Uttar pradesh) सरकार ने 11 लाख से ज्यादा श्रमिकों के अकाउंट में एक-एक हजार रुपए ट्रांसफर किए हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे 20 लाख निर्माण श्रमिकों को यह धनराशि दी जा रही है।
सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि कमिटी की संस्तुति के अनुसार सरकार ने तय किया है कि जितने भी रिक्शा, ई रिक्शा, कुली, ठेला, खोमचा, पल्लेदार व अन्य सेवाएं देने वाले हैं उन्हें भी आर्थिक सहायता दी जाए। उन्हें भी सरकार मदद करेगी। उन्होंने बताया कि सर्वे के बाद ऐसे 15 लाख से ज्यादा लोग चिन्हित हुए हैं, जिनकी कमाई प्रभावित हुई है। सीएम ने आगे कहा कि मनरेगा के तहत मजदूरी करने वाले करीब 88 लाख ऐसे मजदूर हैं, जिनका भत्ता बढ़ा दिया गया है। जबकि 27 लाख से अधिक मजदूरों का जो बकाया बाकी था, उसे जारी कर दिया गया है। योगी के मुताबिक, प्रदेश में 87 लाख से अधिक परिवारों को समय से पहले पेंशन जारी कर दी गई है, ताकि किसी को कोई परेशानी ना हो।
सीएम ने आगे बताया कि उत्तर प्रदेश में जिन भी महिलाओं के जनधन अकाउंट (Jandhan Account) हैं उनमें सरकार अगले तीन महीने तक हर महीने में 500 रुपए भेजेगी। खाद्यान भी प्रति यूनिट पांच किलो फ्री दिया जा रहा है। गरीबों के लिए संकट के समय में केंद्र और प्रदेश सरकार मजबूती से खड़ी है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उत्तर प्रदेश के सीएम ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार की ओर से प्रदेश को 2 करोड़ से अधिक किसानों को मदद पहुंचाई जा रही है। साथ ही साथ केंद्र की ओर से रसोई गैस, महिलाओं को आर्थिक मदद और राशन की व्यवस्था भी की गई है, जिसे राज्य सरकार जमीनी स्तर पर उतार रही है।