- Advertisement -
कुल्लू। वर्ष 1962 और 1971 की लड़ाई का हिस्सा रहे व बाद में पुलिस में भर्ती होकर पूर्व पीएम अटल विहारी वाजपेयी और इंद्र कुमार गुजराल के अंगरक्षक रहे डालू राम का देहांत (Vajpayee’s ex bodyguard Dalu Ram Died) हो गया है। वे 73 वर्ष के थे और कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका उपचार क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा था। बीती रात उन्होंने अंतिम सांस ली। डालू राम कुल्लू जिला के बंजार स्थित खुंदन के रहने वाले थे।]
डालू राम ने सेना में रहते हुए 1962 तथा 1971 की लड़ाई में भाग लेकर देश सेवा की है। आर्मी से सेवानिवृत्त होने के पश्चात वे पंजाब पुलिस में भर्ती हुए। पंजाब पुलिस से उन्हें दिल्ली पुलिस में भेजा गया,जहां वह सब इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए। दिल्ली पुलिस मे रहते हुए उन्हें पीएम सेल में कार्य करने का मौका मिला। उसी दौरान उन्होंने वाजपेयी व गुजराल के अंगरक्षक के तौर पर काम किया। वर्ष 2001 में सब इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद वह बंजार के खुंदन में रहते थे। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने उनकी मृत्यु पर शोक प्रकट किया है।
- Advertisement -