- Advertisement -
नई दिल्ली। महात्मा गांधी, अमिताभ बच्चन व पीएम नरेंद्र मोदी के बाद अब हांगकांग के मैडम तुसाद संग्रहालय में बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन का मोम का पुतला लगाया गया है। वरुण ने मोम के पुतले के साथ अपनी स्टाइल में पोज दिया। यहां वरुण के साथ उनके पिता और मशहूर निर्देशक डेविड धवन भी नजर आए। पिछले दिनों वरुण ने ट्वीट किया था कि ‘बहुत बड़ा सम्मान। अपने मोम के पुतले को देखने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता। धन्यवाद, मैं हॉन्गकॉन्ग में अपने मोम के पुतले के लिए बहुत ही उत्सुक हूं।’
बता दें मैडम तुसाद के कुशल कारीगरों की एक टीम विशेष रूप से वरुण से मिलने के लिए मुंबई पहुंची थी। 200 से भी अधिक माप लिए गए और टीम ने वरुण के आंख और बाल के रंग को भी मिलाया। वरुण ने भी टीम के साथ पुतले के पोज को लेकर विचार साझा किए। मैडम तुसाद, हॉन्गकॉन्ग की महाप्रबंधक जेनी यू ने कहा, ‘वरुण धवन बॉलीवुड के सबसे चहेते अभिनेताओं में से एक हैं। हम इस बॉलीवुड अभिनेता के साथ साझेदारी करके काफी प्रसन्न हैं।
इन दिनों वरुण अनुष्का शर्मा के साथ आने वाली फिल्म ‘सुई धागा’ की तैयारी में लगे हुए हैं। हाल ही में उन्होंने इस फिल्म का लुक फैंस के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया था। हाल ही में वरुण धवन की ‘जुड़वा 2’ रिलीज हुई, जो बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई। इसमें उनके साथ जैकलीन फर्नांडीज और तापसी पन्नू नजर आईं। यह फिल्म सलमान खान की ‘जुड़वा’ का सीक्वल थी।
- Advertisement -