- Advertisement -
Vijay Mallya: लंदन। शराब कारोबारी विजय माल्या प्रत्यर्पण केस में प्री-ट्रायल सुनवाई के लिए लंदन के वेस्टमिंस्टर कोर्ट में पेश हुए। बैंकों का 9,000 करोड़ रुपये का कर्ज नहीं लौटाने वाले माल्या ने सुनवाई के दौरान कहा कि भारत में उनकी जान को खतरा है। इसके बाद अब अभियोजन पक्ष भारत सरकार द्वारा माल्या की सुरक्षा की तैयारी की रूपरेखा प्रस्तुत करने की तैयारी में जुटा है। बता दें कि माल्या पर 17 बैंकों के 9,432 करोड़ रुपए बकाया हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पिछले साल 2 मार्च को देश छोड़कर भाग गया था।
भारतीय व्यावसायी माल्या इस समय प्रत्यर्पण वारंट मामले में जमानत पर हैं। उन्हें इससे पहले प्रत्यर्पण मामले की सुनवाई शुरू होने तक अदालत के समक्ष हाजिर होने से छूट दी गई थी। यह सुनवाई चार दिसंबर को शुरू होगी। लंदन के वेस्टमिंस्टर कोर्ट ने सुनवाई के दौरान बताया कि 4, 5, 6, 7, 11, 12, 13 और 14 दिसंबर को इस मामले की सुनवाई करेगा। उधर, डिफेंस टाइमटेबल के मुताबिक, 24 दिसंबर को फैसला सुनाया जाएगा। सुनवाई के बाद माल्या का कहना है कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया और वह बार बार दोहराते रहे हैं कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब अदालत में सब स्पष्ट हो जायेगा। भारत में माल्या की बंद पड़ी किंगफिशर एयरलाइंस पर विभिन्न बैंकों का 9,000 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज बकाया है। इसको लेकर माल्या के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला है। माल्या ने 2 मार्च 2016 को भारत छोड़ दिया था और तब से वह ब्रिटेन में रह रहे हैं।
- Advertisement -