-
Advertisement

MP से कानपुर लाया जा रहा विकास दुबे: लखनऊ में पत्नी और बेटा हिरासत में लिए गए
लखनऊ। कानपुर में हुए एंकाउंटर कांड के मुख्य आरोपी बताए जा रहे गैंगस्टर विकास दुबे (Vikas Dubey) के आज मध्य प्रदेश के उज्जैन (Ujjain) से गिरफ्तार कर लिया गया। जिसके बाद अब उसे उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) द्वारा वापस कानपुर (Kanpur) लाया जा रहा है। बतौर रिपोर्ट्स उज्जैन से सड़क मार्ग के जरिए पुलिस विकास दुबे को इंदौर लेकर पहुंचेगी और वहां से चार्टर्ड विमान से कानपुर लेकर जाएगी। इस बीच खबर सामने आई है कि लखनऊ के कृष्णानगर से विकास दुबे की पत्नी और बेटे (Wife and Son) को हिरासत में लिया गया है। उसके एक नौकर के भी हिरासत में लिए जाने की खबर है।
जानें क्यों नहीं पड़ी ट्रांज़िट रिमांड की जरूरत
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश पुलिस ने विकास दुबे को गिरफ्तार नहीं किया था, ऐसे में ट्रांजिट रिमांड की जरूरत नहीं पड़ी। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर विकास दुबे को यूपी पुलिस को सौंपा गया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने विकास दुबे के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से फोन पर चर्चा की थी। मध्य प्रदेश सीएम ने सीएम योगी आदित्यनाथ से बातचीत की जानकारी सार्वजनिक करते हुए कहा कि मैंने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से बात कर ली है। शीघ्र आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: विकास दुबे की गिरफ्तारी या सरेंडर: MP के गृह मंत्री का कानपुर कनेक्शन; Congress ने लगाए बड़े आरोप
उज्जैन पहुंचने से पहले कोटा और नोएडा में रुका था दुबे
इस सब के बीच सूत्रों के जरिए इस बात की खबर मिली है कि विकास दुबे गिरफ्तारी से पहले नोएडा और कोटा में रुका था। कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद गैंगस्टर विकास दुबे 2 दिन तक नोएडा में रुका था। सूत्रों के अनुसार उज्जैन पहुंचने से पहले वह 1 रात कोटा में भी रुका था। इस बीच उज्जैन पुलिस ने लखनऊ नंबर की एक गाड़ी जब्त की है। उज्जैन में जब्त कार का सीसीटीवी विडियो सामने आया है। यह कार 7 जुलाई को शिवपुरी जिले के पुरनखेड़ी टोल प्लाजा से गुजर रही थी। सीसीटीवी रात साढ़े सात बजे की बताई जा रही है। ऐसे में सवाल है कि क्या विकास दुबे इसी कार में सवार होकर पहुंचा था।