-
Advertisement
Arki में ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव को Virbhadra ने दिए 6 लाख, बोले – कांग्रेस भी सरकार के साथ
Last Updated on March 30, 2020 by
शिमला। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र अर्की (Arki) में सोडियम हाइपोक्लोराइड और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव के लिए विधायक निधि से 6 लाख की राशि प्रदान की है। वीरभद्र ने कहा है कि यह राशि उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में इस महामारी से निपटने व सुरक्षा उपायों को दी है। वीरभद्र सिंह ने अर्की उपमंडल अधिकारी से इस क्षेत्र में किसी भी समस्या के लिए उनसे तुरंत संपर्क करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि चूंकि वह इस क्षेत्र के विधायक भी हैं इसलिए इस क्षेत्र की उनकी प्रमुख जिम्मेदारी भी है। वीरभद्र सिंह (Virbhadra singh) ने कर्फ्यू के दौरान जरूरी खाद्यान्न की आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा है। उन्होंने प्रदेश के व्यापारी वर्ग का भी आह्वान किया है कि वह देश व प्रदेश भक्ति को सर्वोपरि मानते हुए लोगों की किसी भी प्रकार की सहायता के लिए आगे आए।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि देश में इस आपदा के समय कांग्रेस पार्टी (Congress party) भी सरकार के साथ खड़ी है। यह समय धैर्य से रहने का है। उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहते हुए असहाय और जरूरत मंद लोगों की सहायता के लिए भी एकजुट होकर आगे आना है। यह एक वायरस है जो एक दूसरे के संपर्क में आने से फैलता है इसलिए सभी को अपने घरों में सुरक्षित रहना है। वीरभद्र ने इस महामारी से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को उचित ठहराते हुए कहा कि लोगों को सरकार के सभी दिशा निर्देश का पालन करना चाहिए। प्रदेश में अन्य राज्यों की अपेक्षा सम्भावित कोरोना के मामले बहुत कम है।
वीरभद्र ने प्रदेश सरकार से कहा कि उन्हें सभी जरूरत मंद लोगों की पूरी देखरेख करते हुए सुनिश्चित बनाना है कि कोई भी मजदूर या श्रमिक कर्फ्यू के दौरान कहीं भी भूखा प्यासा ना रहे। सभी जगह इस महामारी की रोकथाम के उपाय और सुरक्षा मास्क और सेनेटाइजर समय पर उपलब्ध करवाए जाने चाहिए। उन्होंने इस कार्य मे लगे स्वास्थ्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस व स्वमसेवी संगठनों की सराहना करते हुए कहा है कि यही देश की समृद्ध एकता और अंखडता है जो किसी भी विपदा के समय एकजुट होकर आगे आते हैं।