- Advertisement -
MC Election :शिमला। नगर निगम चुनाव को लेकर अब कांग्रेस दिग्गज चुनाव प्रचार में उतर रहे हैं। सीएम वीरभद्र सिंह खुद चुनाव की कमान संभाल रहे हैं। प्रचार में उतरने से पहले सीएम ने आज अपने निजी आवास होलीलॉज में अपने सिपहसालारों के साथ मंथन किया और वार्डों में उतरे प्रत्याशियों की स्थिति को लेकर फीडबैक लिया। इसके साथ-साथ बैठक में वार्डों में उनकी सभाओं को लेकर भी चर्चा की गई। बताया जाता है कि सीएम के कार्यक्रम करीब-करीब तय हो चुके हैं।
उधर, सीएम कल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के साथ मुलाकात करेंगे और उन्हें चुनावी टिप्स देंगे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में सीएम वीरभद्र सिंह के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी मौजूद होंगे। इसके साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी भी मौजूद होंगे। प्रदेश कांग्रेस ने समर्थित उम्मीदवारों को कल की बैठक की सूचना भी भेज दी है।
उधर, सीएम कल से प्रचार में भी उतर रहे हैं। वे कल कुछ सभाएं कर सकते हैं। सीएम मंगलवार और बुधवार को भी कई वार्डों में प्रचार करेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक वे कई वार्डों में सभाएं करेंगे और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे। इस दौरान पार्टी के नेता और वार्डों में तैनात किए गए प्रभारी भी साथ होंगे।
इस बीच, कांग्रेस के प्रभारियों ने भी वार्डों में मोर्चा संभाल लिया है। कुछ वार्डों में आज प्रभारियों ने प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनाव का जायजा लिया। कुछ प्रभारी कल से वार्डों में मोर्चे में डट जाएंगे।
- Advertisement -