- Advertisement -
हिमाचल अभी अभी। लड़ाकू विमान पायलट विवेक राम चौधरी भारतीय वायुसेना के नए एयर चीफ मार्शल होंगे। विवेक चौधरी वायुसेना के 27वें एयर चीफ मार्शल होंगे। विवेक राम चौधरी आरकेएस भदौरिया की जगह लेंगे। एयर चीफ मार्शल भदौरिया 42 वर्षों तक वायुसेना में अपनी सेवाएं देने के बाद रिटायर हो रहे हैं। आऱकेएस भदोरिया के कार्यकाल में ही भारतीय वायुसेना ने 36 राफेल और 83 स्वदेशी तेजस मार्क-ए लड़ाकू विमानों की दो बड़ी डील की थी।
विवेक राम चौधरी ने नेशनल डिफेंस एकेडमी(एनडीए) और डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज(वेलिंगटन) से अपनी पढ़ाई की है। उन्होने अपने कार्यकाल में एक फ्रंटलाईन बेड़े और एक एयरबेस के प्रमुख का पद संभाला है। चौधरी ने इसके अलावा एयर फोर्स एकेडमी के डिप्टी कमांडेंट, एयर स्टाफ ऑपरेशन(एयर डिफेंस)के असिस्टेंट चीफ और एयर स्टाफ(पर्सनल ऑफिसर्स ) के पदों पर भी अपनी सेवाएं दी हैं।
विवेक राम चौधरी ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन मेघदूत (सियाचिन अभियान) और ऑपरेशन सफेद सागर (1999 करगिल) जैसे मौकों पर भी वायुसेना में अपनी सेवाएं दी हैं। चौधरी ने ही पश्चिमी कमान का प्रमुख रहते हुए राफेल विमानों के बेड़े को अंबाला एयरबेस पर इंडक्ट कराया था और उनके बेटे भी राफेल लड़ाकू विमान के पायलट हैं। चौधरी 1982 में वायुसेना के लड़ाकू विंग में भर्ती हुए थे। उनके पास कई विमानों के साथ 38 हजार घंटों से ज्यादा की उड़ान का अनुभव है।
नए एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी ने बॉर्डर और वायुसेना के हेडक्वार्टर दोनों जगहों पर अपनी सेवाएं दी हैं। नए एयर चीफ मार्शल का कार्यकाल चुनौतियों से भरा रहने वाला है। इस समय भारत का चीन के साथ सीमा विवाद और पड़ोसी देश अफ़गानिस्तान में भी उथल-पुथल का दौर जारी है। इसी के साथ भविष्य में रूस से लिए जाने वाले एस-400 प्रणाली के संचालन और आगे जाकर वायुसेना के बेड़े में शामिल होने वाले नए स्वदेशी और विदेशी विमानों की भी जिम्मेदारी रहेगी।
- Advertisement -