-
Advertisement
बिहार विधानसभा चुनाव का #Maha_Exit_Poll : अबकी बार तेजस्वी सरकार
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) के लिए आज आयोजित किया गया तीसरे चरण का मतदान समाप्त हो गया है। इसी के साथ एक्ज़िट पोल (Exit Poll) के नतीजे सामने आने भी शुरू हो गए हैं। बिहार में 10 नवंबर को वोटों की गिनती होगी। नतीजों से पहले बिहार के मूड का हाल एक्ज़िट पोल के नतीजों से पता चल जा रहा है। बिहार में तीसरे चरण के चुनाव में 54.57 फीसदी मतदान हुआ है। 3 नवंबर को दूसरे चरण के चुनाव में 55.70 फीसदी और पहले चरण में 28 अक्टूबर को 55.69 फीसदी मतदान हुआ है।
इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया एग्जिट पोल
बिहार में एनडीए को बड़ा झटका मिलता दिख रहा है। एग्जिट पोल में उसके पास से सत्ता जाती दिख रही है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन सरकार बना सकती है। 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में महागठबंधन को 139-161 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, एनडीए 100 के अंदर सिमट सकता है। एनडीए के खाते में 69-91 सीटें जा सकती हैं। वहीं एलजेपी को 3-5 सीटें मिल सकती हैं।
यह भी पढ़ें: UP-MP समेत अन्य राज्यों में हुए उपचुनावों के बाद #Exit_Poll के नतीजे आए सामने; देखें
टुडेज चाणक्य एग्जिट पोल
इन विधानसभा चुनावों में आम जनता ने एनडीए गठबंधन को नकार दिया है। जबकि आरजेडी लोगों की पहली पसंद बनी है। पोल के अनुसार 44 फीसदी वोट आरजेडी+, 34 फीसदी वोट जेडीयू+ और 22 फीसदी वोट अन्य के खाते में जा सकते हैं। टुडेज चाणक्य के बिहार विश्लेषण के मुताबिक, जेडीयू वाले एनडीए गठबंधन के खाते में 55 सीटें और आरजेडी नेतृत्व वाले महागठबंधन को 180 सीटें मिल सकती हैं। महागठबंधन क्लीन स्वीप करते हुए दिखाई दे रहा है। जबकि अन्य के खाते में 8 सीटें जा सकती हैं।
रिपब्लिक जन की बात एग्जिट पोल
महागठबंधन को इस बार 118- 138 सीटें मिलती नज़र आ रही हैं। जबकि नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए (NDA) 91-117 सीटों पर सिमटती नज़र आ रही हैं। एलजेपी (LJP) को 5 से 8 सीट का अनुमान है, अन्य को 3 से 6 सीटें जाने का अनुमान है।
टाइम्स नाउ एग्जिट पोल
एनडीए गठबंधन को 116 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। इसके अलावा महागठबंधन टाइम्स नाउ के एग्जिट पोल में भी बिहार में सबसे बड़ा गठबंधन बनकर उभरा है। महागठबंधन को 120 सीटें मिलती नज़र आ रही हैं। वहीं एलजेपी को टाइम्स नाउ के एग्ज़िट पोल में 1 सीटें ही मिली हैं। जबकि अन्य को 6 सीटें मिलती दिख रही हैं। हालांकि किसी गठबंधन को बहुमत तो नहीं मिल रहा है लेकिन महागठबंधन को 120 सीटें मिलती दिख रही है।
एबीपी-सी-वोटर एग्जिट पोल
एनडीए को 104-128 सीटें मिलती दिख रही हैं और महागठबंधन को 108-131 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान है। इसके अलावा चिराग पासवान की एलजेपी को सिर्फ 1-3 सीटों पर जीत मिलने की उम्मीद है। वहीं अन्य के खाते में 4-8 सीटें जाने का अनुमान है। नीतीश कुमार की जेडीयू (JDU) को 38-46 सीटें मिलती दिख रही हैं और बीजेपी (BJP) को 66-74 सीटें मिलने का अनुमान है। वीआईपी को 0-4 सीटें और हम को 0-4 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके अलावा महागठबंधन को देखें तो आरजेडी (RJD) को 81-89 सीटें मिलने का अनुमान है और कांग्रेस को 21-39 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा लेफ्ट के खाते में 6-13 सीटों के जाने का अनुमान है।