-
Advertisement
व्यापार मंडल गरीबों और जरूरतमंदों को Free में बांटेगा राशन
Last Updated on March 26, 2020 by
मंडी। देशभर में लॉकडाउन और प्रदेश भर में कर्फ्यू के बीच आम लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए शासन और प्रशासन से लेकर हर वर्ग अपनी भागीदारी निभाने का प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में व्यापार मंडल मंडी ने गरीबों और जरूरमंदों को मुफ्त में राशन ( Free ration) देने का निर्णय लिया है। व्यापार मंडल मंडी के प्रधान राजेश महेंद्रु ने इसकी जानकारी दी है। राजेश महेंद्रु ने बताया कि मंडी शहर और इसके आसपास के इलाकों में यदि कोई गरीब परिवार इस आपात स्थिति में राशन नहीं खरीद पा रहा है तो वह व्यापार मंडल मंडी (Vyapar mandal mandi) के साथ संपर्क साध सकता है उसे मुफ्त में राशन मुहैया करवाया जाएगा। वहीं, इस आपात स्थिति में जो बाहरी लोग मंडी शहर या इसके आस पास फंसे हैं उन्हें भी व्यापार मंडल ने मुफ्त में राशन देने का ऐलान किया है।
वहीं, मंडी जिला प्रशासन ने आज सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर एक और अहम निर्णय लिया है। सुबह 10 से दोपहर 2 बजे की रियायत के दौरान प्रशासन ने जरूरत की दुकानों के बाहर सर्कल लगा दिए हैं। लोग इन्हीं सर्कल के बीच खड़े होकर सोशल डिस्टेंसिंग को मेंटेन करके खरीददारी कर रहे हैं। एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने बताया कि प्रशासन ने यह निर्णय लोगों की सुरक्षा के लिए ही लिया है। उन्होंने बताया कि जिला भर में स्थिति सामान्य है और चार घंटों की रियायत के दौरान लोगों को जरूरत का सामान खरीदने की छूट दी जा रही है।
वहीं, स्थानीय लोग प्रशासन द्वारा दिन प्रतिदिन उठाए जा रहे एहतियातन कदमों की सराहना भी कर रहे हैं और इनका पालन भी कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि पीएम नरेंद्र मोदी के आहवान पर देश भर में लॉक डाउन है और इस आपात स्थिति में लोग जितना अधिक सहयोग करेंगे, उतना जल्द ही इस महामारी की रोकथाम की जा सकेगी।