-
Advertisement
शेष विश्व से कटी पांगी घाटी को हवाई उड़ानों का इंतज़ार, लोगों ने दी प्रदर्शन की चेतावनी
Last Updated on January 15, 2020 by Vishal Rana
चंबा। मौसम के बिगड़े तेवरों और भारी बर्फबारी के चलते जिले की कबायली घाटी में लोगों की जिंदगी थम सी गई है। आलम यह है कि पांगी घाटी (Pangi Valley) का संपर्क शेष विश्व से कट चुका है। दिसंबर में हुई एकमात्र हवाई उड़ान (Air flight) के बाद दोबारा उड़ान न हो पाने से बीमार तथा बुजुर्ग लोग घाटी से बाहर नहीं जा पा रहे हैं। प्रसव के बाद बीमार हुई प्रिया के अलावा चंबा रेफर किए गए अमर सिंह तथा किशनी देवी को हवाई उड़ान का इंतज़ार है। तो वहीं कई और पंगवाल भी घाटी से हवाई उड़ानों की बाट जोह रहे हैं। उधर मुद्दे को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी हो गया है।
बता दें कि मौसम के बिगड़े मिजाज के कारण लोगों को करीब 12 दिनों से शीतलहर से दो चार होना पड़ रहा है। घाटी में भारी हिमपात के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। एक मात्र वाया जम्मू कश्मीर रास्ता बंद होने के कारण घाटी का संपर्क पूरे प्रदेश के साथ देश से कट गया है। लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। घाटी में शून्य से माईनस 10 डिग्री तक तापमान चल रहा। नल तक जम गए हैं। बिजली की व्यवस्था भी चरमरा गई है। घाटी मुख्यालय किलाड़ में फंसे हुए लोग जान हथेली पर रख कर के अपने घरों का रुख कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: किन्नौर में Landslide से एनएच-5 बंद, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ीं
स्थानीय लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार गुरुवार तक हवाई उड़ान नहीं करवाती है तो सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे। उधर एसडीएम पांगी विश्रुत भारती के अनुसार भुंतर-किलाड़, किलाड़-चम्बा, चम्बा-किलाड़ औऱ किलाड़-भुंतर के लिये हवाई उड़ानों का शेड्यूल था, लेकिन किसी कारणवश उड़ाने नहीं हो पाई है। भारती ने कहा कि अगली उड़ान कब होगी यह शेड्यूल आने के बाद ही पता चलेगा।