- Advertisement -
शिमला। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर होना शुरू हो गया है। राजधानी शिमला समेत राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बादलों ने डेरा जमाना शुरू कर दिया है। बादल उमड़ने से यहां पर ठंड में और इजाफा होने लगा है और लोग ठंड से ठिठुर रहे हैं। मौसम विभाग ने आज से राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की जानकारी दी है। इसके चलते राज्य में मौसम खराब होगा और कुछेक स्थानों पर बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। मौसम खराब होने से शिमला में ठंड में और इजाफा हुआ है। उधर, ऊंची चोटियों पर बर्फीली हवाएं चल रही हैं। यहां के नजदीकी पर्यटन स्थल कुफरी, फागू, छराबड़ा में लोग बर्फ का इंतजार कर रहे हैं, ताकि सैलानी अच्छी मात्रा में आएं, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। खुश्क ठंड पड़ने से लोग परेशान हैं।
वहीं, बारिश और बर्फबारी न होने से किसान भी परेशान हैं और वे बड़ी बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे हैं। बारिश न होने के कारण किसान खेती के कार्य नहीं कर पा रहे हैं। यहां पर खेती मौसम पर ही निर्भर होती है। ऐसे में सारा दारोमदार इसी पर टिका है। केवल वहीं पर खेती समय पर हो रही है, जहां पर सिंचाई की सुविधा है। मौसम विभाग के स्थानीय केंद्र निदेशक मनमोहन सिंह के मुताबिक राज्य में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से राज्य के कुछेक हिस्सों में बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फ गिरने की संभावना है। उनका कहना था कि यह पश्चिमी विक्षोभ का असर 6 दिसंबर तक रहेगा।
- Advertisement -