- Advertisement -
सुंदरनगर। बीजेपी सत्ता में आते ही रूसा प्रणाली को बंद कर छात्रों के भविष्य को अंधकारमय होने से बचाएगी। रूसा प्रणाली हिमाचल प्रदेश के छात्रों के लिए जहर बन कर आई है, इसे प्रदेश से उखाड़ने का समय आ गया है। कांग्रेस ने रूसा प्रणाली को प्रदेश में लाकर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया है। यह बात भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विशाल चौहान ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कही।
उन्होंने प्रदेश के छात्रों-युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के विरुद्ध बीजेपी की ढाल बन कर खड़े हों, जिससे कांग्रेस को सबक सिखाया जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का अपने चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया था, जिससे अब कांग्रेस दो खेमों में बंट कर ना-नुकर की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि सीएम जहां भी जाते हैं कॉलेज खोलने और नई राजधानियां बनाने की घोषणा करके आते हैं। अच्छा होता अगर सीएम पहले कॉलेजों के भवन तैयार करवाते। उन्होंने कहा कि संधोल में परागपुर आदि कई क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक कॉलेज स्कूल भवनों में चल रहे हैं। उन्होंने सीएम को घोषणामंत्री कहते हुए कहा कि प्रदेश को हजारों करोड़ रुपए के कर्जे में डुबो दिया, लेकिन मूलभूत सुविधाएं आम जनता को नहीं दी गई। केवल वोट की राजनीति कर वाहवाही बटोरी जा रही है। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश महामंत्री रजत ठाकुर, प्रदेश मीडिया प्रभारी ठाकुर कर्मचंद, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष मुकेश चंदेल व मंडल अध्यक्ष हुकम चंद भी उपस्थित थे।
- Advertisement -