- Advertisement -
नगरोटा सूरियां। पति की गाली गलौज और मारपीट से तंग एक महिला ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। जिससे महिला 60 फीसदी से अधिक जल गई। महिला को बचाने के चक्कर में उसका पति और जेठ भी आग (Fire)की चपेट में आ गए। महिला को बचाते पति 40 फीसदी जल गया जबकि जेठ भी कुछ फीसदी जला है। मामला जिला कांगड़ा (Kangra)के उपमंडल नगरोटा सूरियां के समीप बासा पंचायत का है। घायल महिला और उसके पति को स्थानीय अस्पताल नगरोटा सूरियां (Nagrota Surian)ले जाया गया जहां से उसे उन्हें टांडा (Tanda) रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर महिला के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि शिवानी (24) की कुछ वर्ष पहले हरनाम सिंह उर्फ रिशु के साथ लव मैरिज हुई थी। इनकी एक चार माह की बेटी भी है। घायल महिला शिवानी ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि उसको पति शराब पीकर उसके साथ गाली गलौज और मारपीट करता है। जिसके चलते अकसर उन दोनों के बीच झगड़ा होता रहता है। महिला ने बताया कि आज भी पति ने उसके साथ झगड़ा किया जिससे परेशान होकर उसने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। वहीं, महिला के जेठ ने बताया कि जब सुबह घर से शोर की आवाज आई तो वह तुरंत वहां पहुंचे और देखा कि शिवानी ने आग में जल रही थी और हरनाम आग बुझाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने महिला के ब्यान के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -