- Advertisement -
शिमला। सीएम वीरभद्र सिंह का निचले हिमाचल के लिए शीतकालीन प्रवास का कार्यक्रम अब 11 के बजाय 12 से शुरू होने की संभावना है। सीएम अब 11 को निचले हिमाचल में अपना प्रवास का कार्यक्रम शुरू न कर इसे सीधे 12 को जिला कांगड़ा के नूरपुर से शुरू कर सकते हैं। दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन के चलते इसमें हल्का बदलाव होने जा रहा है। पार्टी का 11 को दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन रखा गया है,जिसमें सीएम वीरभद्र सिंह को भी शरीक होना है।
उसी के चलते अब ऐसा माना जा रहा है कि सीएम 11 को दोपहर बाद दिल्ली से सड़क मार्ग से चंडीगढ़ आएंगे वहां रात रुकने के बाद अगले दिन सुबह हेलिकाप्टर से नूरपुर के लिए उड़ान भरेंगे। चुनावी वर्ष होने के चलते सरकार अब शीतकालीन प्रवास में ज्यादा देर नहीं करना चाह रही है। क्योंकि पहले यह प्रवास का कार्यक्रम 5 जनवरी से बन रहा था उसे कारणवश बाद में 11 को किया गया। अब एक दिन और आगे सरकाने से अगले कार्यक्रम भी गड़बड़ हो रहे हैं। इसलिए सरकार इसे 12 से ही शुरू कर देगी। प्रवास के पहले चरण में सीएम नूरपुर व पालमपुर उपमंडल के विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे। उसके बाद अगले चरण में मंडी, ऊना,हमीरपुर व चंबा के साथ-साथ कांगड़ा के भी अन्य विस क्षेत्र इसमें शामिल होंगे। हालांकि अभी तक 12 का फाइनल हो रहा है,पर उम्मीद है कि अब इसी तरह से इसे शुरू किया जाएगा।
- Advertisement -