- Advertisement -
ऊना। जिला मुख्यालय के नजदीकी एक गांव में एक महिला ने अपने मां-बाप और बहन के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से पिटाई (Beating) कर डाली। यही नहीं पत्नी (Wife) और उसके पिता ने मिलकर पीड़ित की बहन के साथ भी मारपीट की और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। पीड़ित व्यक्ति ने अपनी पत्नी, सास-ससुर और साली के खिलाफ मारपीट करने और उसकी बहनों के खिलाफ अश्लील शब्दों का प्रयोग करने का आरोप जड़ते हुए केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने घटना के संबंध में केस (Case) दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि उसके सास-ससुर और साली अचानक उसके घर आए और उस पर जालंधर चलने के लिए दबाव बनाने लगे। जब व्यक्ति ने उनके साथ चलने से इनकार किया तो उसकी पत्नी तिलमिला उठी। उसने अपने पति और उसकी बहनों को लेकर बेहद अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली गलौज शुरू कर दिया। इतना ही नहीं व्यक्ति की पत्नी और उसके ससुर ने उसे दोनों बाजू से पकड़ कर पेट पर प्रहार करने शुरू कर दिए। बताया जा रहा है कि युवक पहले ही पेट की किसी बीमारी से पीड़ित चल रहा है। जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ गई। इतना ही नहीं उन्होंने युवक की बहन पर हमला कर उसके साथ ना केवल मारपीट की बल्कि उसके भी कपड़े फाड़ डाले। एसपी ऊना (SP Una) अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -