- Advertisement -
नई दिल्ली। झारखंड में एक तरफ जहां बच्चा चोरी की अफवाहों से लोग सहमे हुए हैं, वहीं कई बार कानून को अपने हाथ में लेने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला झारखंड के गिरिडीह जिला में सामने आया है। यहां पर एक रोते बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए उसके साथ खेल रही महिला की भीड़ ने बच्चा चोर समझ पिटाई कर दी। यह घटना उस समय हुई जब एक महिला अपने बच्चे के साथ पैसे निकालने के लिए बैंक गई थी।
पुलिस (police) ने बताया कि एक महिला अपने बच्चे के साथ पैसे निकालने के लिए बैंक गई। महिला बच्चे को बाहर खड़ा कर पैसे निकालने के लिए बैंक के अंदर चली गई। मां की अनुपस्थिति के कारण बच्चा रोने लगा जिसको देखकर एक महिला उसके पास आई और उसे चुप कराने लगी, साथ ही महिला ने बच्चे के साथ खेलना शुरू कर दिया।
जब बच्चे की मां बैंक से बाहर आई तो उसने देखा कि उसका बच्चा एक महिला के साथ खेल रहा है। यह देखकर उसे लगा कि वह महिला एक बच्चा चोर है जिसके बाद बच्चे की मां ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर भीड़ ने उस महिला की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि बच्चा चोरी के शक में पहले महिला की लोगों ने पिटाई की और बाद में उसे बंधक भी बना लिया गया। सूचना मिलने पर हम मौके पर पहुंचे पर लोगों ने हम पर पथराव (Stone pelting) शुरू कर दिया। पथराव से पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने भीड़ से महिला को बचाया। पुलिस ने बताया कि यह घटना केवल गलतफहमी के आधार पर हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
- Advertisement -