- Advertisement -
नाहन। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में एक प्रवासी महिला को संदिग्ध बीमारी की हालत में हरियाणा के अंबाला (Ambala) में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। महिला के ब्लड के सैंपल पीजीआई चंडीगढ़ भेजे गए हैं। जानकारी के अनुसार कालाअंब के नजदीक त्रिलोकपुर पंचायत के खैरी निवासी 32 वर्षीय महिला निवासी उत्तर प्रदेश दो दिन पहले केरल से कालाअंब पहुंची थी। महिला का पति कालाअंब की एक कंपनी में कार्यरत है। केरल से आने में बाद महिला कालाअंब में बीमार पड़ गई। ऐसी स्थिति में उसके परिजन महिला को बुधवार को हरियाणा के नारायणगढ़ अस्पताल में जांच के लिए ले गए।
यहां पर चिकित्सकों ने कोरोना वायरस के संभावित लक्षण की आशंका को देखते हुए महिला के सैंपल लेकर पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिए। साथ ही एहतियात बरतते हुए महिला को अंबाला शहर स्थित आईसोलेशन वार्ड में भेजा है। इसके अलावा जिला सिरमौर स्वास्थ्य विभाग इस मामले में सतर्क नजर आ रहा है। जानकारी मिलने के बाद विभाग महिला के घर व आसपास के क्षेत्र में नजर रखे हुए हैं।
एसएमओ नारायणगढ़ डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि महिला में संभावित लक्षण देखते हुए सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही सारी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल सावधानी बरतते हुए महिला को आईसोलेशन वार्ड में रखा गया है। उधर सीएमओ सिरमौर डॉ. केके पराशर ने बताया कि कालाअंब की एक महिला में कोरोना के लक्षण की संभावना के चलते उसे आइसोलेशन में रखे जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल महिला के घर व इसके आसपास क्षेत्र में सेनाटाइजेशन कराया जा रहा है।
- Advertisement -