- Advertisement -
नूरपुर। शहर में एक महिला और उसकी दो महीने की बच्ची बंदरों के हमले का शिकार हो गए हैं। नूरपुर (Nurpur) के वार्ड चार में अपने मकान की छत पर बैठी महिला पर बंदरों ने अचानक हमला कर दिया और महिला अपनी दो महीने की बेटी के साथ छत से गिर गई। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी अनुसार रेणु बाला निवासी वार्ड चार अपनी दो महीने की बेटी को लेकर छत पर धूप सेक रही थी कि अचानक बंदरों (Monkey) ने उस पर हमला कर दिया। बंदरों के अचानक हुए इस हमले से घबरा कर रेणु अपनी बच्ची के साथ छत से घर के आगे गली में गिर गई।
रेणु बाला को लोग तुरंत नूरपुर अस्पताल ले गए। वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे टांडा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन टांडा में भी उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ (PGI Chandigarh) रेफर किया गया। रेणु की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। वहीं, बच्ची पूरी तरह से सुरक्षित है, उसके सिर पर हल्की सी चोट आई है, फिलहाल वह खतरे से बाहर है। नूरपुर शहर में इससे पहले भी कई लोग बंदरों के हमले का शिकार हो चुके हैं। वन विभाग शहर को अभी तक बंदरों के आतंक से निजात नहीं दिला सका है। लोगों ने प्रशासन से मांग है कि शीघ्र ही उन्हें बंदरों से निजात दिलाई जाए।
- Advertisement -