- Advertisement -
शिमला। पुलिस ने महिला से दुराचार के आरोपी को Gwalior (MP) से गिरफ्तार किया है। आरोपी को आज शिमला लाया गया है और 23 तारीख को कोर्ट में पेश किया जाएगा। 18 अप्रैल को पीड़िता ने थाना बालूगंज में शिकायत दी थी। इसके बाद शिकायत करने पर पुलिस ने आईपीसी की धाराओं 323, 452, 354, 376, 506 के तहत मामला दर्ज किया। तब से लेकर आरोपी को तलाश जारी थी। आखिर आरोपी को Gwalior से पकड़ने में सफलता हाथ लग गई। इसकी पुष्टि एएसपी प्रवीन कुमार ने की है।
घुमारवीं। महिलाओं को मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने वाला घुमारवीं पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके उसका मोबाइल भी कब्जे में ले लिया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार पुत्र निक्का राम निवासी चलावां डाकघर कंदरौर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है, जोकि पेशे से निजी बस चालक है। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व एक महिला ने आरोपी की हरकतों से तंग आकर घुमारवीं पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। महिला का कहना था कि आरोपी उसके फोन पर इतनी अश्लील सामग्री भेज रहा है, जिसके चलते उसका मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट तथा भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया था।
घुमारवीं पुलिस ने आरोपी का मोबाइल सर्विलांस पर लगाया, जिससे आरोपी की लोकेशन बिलासपुर की तरफ नजर आई। इस दौरान घुमारवीं पुलिस ने आरोपी की पहचान करके उसे बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी महिलाओं को बरगला कर उनके साथ शादी करने का नाटक भी रचता था। प्रारंभिक छानबीन में आ रहा है कि आरोपी ने 2-3 शादियां कर रखी हैं और कई महिलाओं को धोखा भी दे चुका है। पुलिस तफ्तीश में यह भी सामने आ रहा है कि अपने सहयोगियों से लिए गए मोबाइल नंबर के ऊपर वह तरह-तरह की अश्लील सामग्री भेजता रहता था। इस संदर्भ में डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पांवटा साहिब। पुलिस थाना पांवटा साहिब में एक महिला ने छेड़छाड़ व जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस को सौंपी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि बीती रात करीब 9 बजे जब उसका पति बीमारी के चलते सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में उपचाराधीन था तो कुछ लोग शराब पीकर जबरन घर में घुसे और छेडछाड़ करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने उसके गले का मंगल सूत्र भी खींच लिया। छेड़छाड़ में उसके कपड़े भी फट गए हैं। जोर से चिल्लाने के बाद पड़ोसी उसकी मदद के लिए पहुंचे तो तीनों मौके से फरार हो गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब आरोपी मौके से फरार हुए तो उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। मामले ही पुष्टि एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
महिला को जान से मारने की धमकी, छेड़छाड़ भी की
चंबा। किहार थाना के तहत पड़ती एक पंचायत में 40 वर्षीय एक महिला ने 28 वर्षीय युवक पर छोड़छाड़ करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। किहार थाना में महिला ने शिकायत में बताया कि युवक ने पहले उसके साथ छेड़छाड़ की और बाद में जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने जगदीश चंद पुत्र ज्ञान चंद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
- Advertisement -