-
Advertisement
Corona से जंग लड़ने के लिए हथियार बनेगा प्राकृतिक पदार्थों से तैयार सैनिटाइजर
Last Updated on April 11, 2020 by Vishal Rana
शिमला। कोरोना से जंग लड़ने के लिए प्राकृतिक पदार्थों से तैयार सैनिटाइजर (Sanitizer) हथियार बनेगा। कलगीधर ट्रस्ट श्री बडू साहिब राजगढ़ के योगदान से लाना भाल्टा की महिला मंडल सदस्य सैनिटाइजर का निर्माण कर रही हैं। इसमें प्राकृतिक जड़ी-बूटियों जैसे एलोवेरा, हल्दी एवं अन्य सुगंधित पदार्थ शामिल हैं। सैनिटाइजर के लिए अल्कोहल एवं अन्य प्राथमिक उत्पाद का प्रबंध दिल्ली से किया गया तथा एक व्यक्ति महिलाओं को इस संबंध में प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए भी बुलाया गया। बता दें कि जिला सिरमौर (Sirmaur) के राजगढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत लाना भाल्टा की प्रधान रूपिंदर कौर ने इस नई पहल के बारे में सोचा। सैनिटाइजर की उपलब्धता की कमी की पूर्ति के लिए भूपेंद्र कौर ने महिलाओं में उत्साह का सृजन किया और संकट की इस घड़ी में अपने क्षेत्र की महिलाओं को समाज के लिए सहयोग और योगदान प्रदान करने के लिए प्रेरित करते हुए स्वावलंबी बनाने की दिशा में श्रम शक्ति का सूत्रपात किया।
यह भी पढ़ें: Una में एक और कोरोना पॉजिटिव, जिला में 13 और Himachal में 31 हुआ आंकड़ा
रूपिंदर कौर ने कलगीधर ट्रस्ट बडू साहिब के सहयोग से स्वयं का सैनिटाइजर उत्पाद तैयार करने की मन में ठानी। लाना भाल्टा महिला मंडल की उत्साही महिलाओं को संगठित कर इस दृष्टि से विचार किया गया। इस कार्य की पूर्ति के लिए स्वयं सहायता समूह व अकाल महिला मंडल बडू साहिब को ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक ललित जैन का साथ मिला। लोगों को कम दाम पर बेहतर सैनिटाइजर उपलब्ध हो इसके लिए महिला मंडल व स्वयं सहायता समूह द्वारा निरंतर कार्य कर सैनिटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। विभाग द्वारा सैनिटाइजर की 100 मिलीलीटर की कीमत 40 रुपए है एवं 250 मिलीलीटर की कीमत 100 रुपए रखी गई है। अकाल महिला मंडल द्वारा ग्रामीण विकास विभाग को 5000 सैनिटाइजर बोतल उपलब्ध करवाई गई हैं और अधिक सैनिटाइजर निर्मित कर विभाग को मुहैया करवाई जाएंगी। इस कार्य के लिए ग्रामीण विकास विभाग ने प्रारंभिक राशि महिला मंडल को प्रदान की है। पंचायत की प्रधान रूपिंदर कौर ने बताया कि उनका यह प्रयास महिलाओं में आर्थिक स्वावलंबन की जिज्ञासा को जागृत करना है।