Home » News » चिंतनीय : Vote डालने में अव्वल नारी शक्ति विस पहुंचने में फिसड्डी
चिंतनीय : Vote डालने में अव्वल नारी शक्ति विस पहुंचने में फिसड्डी
Update: Sunday, November 12, 2017 @ 8:16 PM
महिलाओं के लिए आसान नहीं विधानसभा की राह
कांगड़ा। चुनावों में मतदान करने में अव्वल नारी शक्ति विधानसभा की दहलीज लांघने में पिछड़ती जा रही है। इसी का असर है कि महिलाएं अब कम ही चुनावी अखाड़े में उतरने का जोखिम उठा रही हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछले विधानसभा चुनावों की अपेक्षा इस बार कम महिलाएं चुनावी मैदान में उतरी हैं। इस बार के विधानसभा चुनाव में 19 महिलाएं चुनावी समर में कूदी हैं। जबकि वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में यह आंकड़ा 34 था। वर्ष 2012 में 34 महिलाओं में तीन महिलाएं ही विधानसभा की चौखट लांघ पाईं थीं। कांग्रेस की तरफ से विद्या स्टोक्स, आशा कुमारी व बीजेपी की तरफ से सरवीन चौधरी ही विधायक बन पाईं थीं। वर्ष 2012 में कांग्रेस ने 4, बीजेपी ने 7, सीपीएम ने एक, एनसीपी ने एक, एसपी ने दो, एआईटीसी ने दो, बीएसपी ने तीन, एलजेपी ने दो, एचएसपी ने एक, एचएलपी ने दो महिलाओं को चुनावी मैदान में उतारा था व 9 आजाद प्रत्याशी चुनाव में खड़ी थीं। इनमें14 महिलाएं पांच सौ से, 3 महिलाएं एक हजार, दो महिलाएं पांच हजार, सात महिलाएं 10 हजार, चार महिलाएं 20 हजार व चार ही महिलाएं 20 हजार से ज्यादा वोट ले पाई थीं। ऐसे में नारी शक्ति को विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक प्रतिनिधित्व दिए जाने के दावे कहीं हवा होते दिख रहे हैं।

अब इस बार देखना बाकि है कि 19 में से कितनी महिलाएं विधानसभा की आवाज बन पाती हैं। अगर पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो 459 प्रत्याशी चुनावी अखाड़े में थे। इनमें 425 पुरुष व 34 महिलाएं शामिल थीं। वहीं
अगर इस बार महिलाओं द्वारा किए मतदान की बात करें तो यह प्रतिशतता पुरुषों की अपेक्षा ज्यादा है। इस बार विधानसभा चुनाव में 37 लाख 21 हजार 647 वोट पड़े हैं। इसमें 1910582 वोट महिलाओं और 1811061 वोट पुरुषों के शामिल हैं। वहीं वर्ष 2012 में भी महिलाओं ने सबसे ज्यादा मत का प्रयोग किया था। 17 लाख 2 हजार 953 महिलाओं ने अपने मत का प्रयोग किया था। वहीं 16 लाख 46 हजार 899 पुरुषों ने वोट डाले थे। कुल 5025941 मतदाताओं में 2568761 पुरुष मतदाता, 2457166 महिला मतदाताए 14 थर्ड जैंडर मतदाता, 37440 पुरुष सेवारत मतदाता तथा 134 सेवारत महिला मतदाता शामिल हैं।