- Advertisement -
Women’s world cup: लॉर्ड्स। महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में आज भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। यह मुकाबला क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान में होगा। मिताली राज की अगुवाई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम अगर वर्ल्ड कप जीत जाती है तो भारत, ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरा ऐसा देश बन जाएगा जिसकी पुरुष और महिला दोनों टीमों ने 50 ओवर का क्रिकेट वर्ल्ड कप अपने नाम किया होगा।
इस महामुकाबले में गेंद और बल्ले की कड़ी परीक्षा होगी। भारत का बड़ा हथियार उसका स्पिन आक्रमण है, जबकि इंग्लैंड का मजबूत पक्ष उसकी बल्लेबाज है। इस खिताबी मुकाबले में भारत की स्पिन और इंग्लैंड की बल्लेबाजी तय करेगी कि वर्ल्ड कप का विजेता कौन होगा। इस वर्ल्ड कप में भारत के स्पिन आक्रमण ने शानदार प्रदर्शन किया है और अभी तक सर्वाधिक 41 विकेट भी चटकाए हैं, वहीं इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने वर्ल्ड कप में खूब रन बनाएं हैं। सर्वाधिक रन बनाने वालों की टॉप-10 लिस्ट में चार बल्लेबाज इंग्लैंड की हैं। अगर भारतीय महिला टीम यह मुकाबला जीत जाती है, तो महिला वर्ल्ड कप के 44 साल के इतिहास में वह पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनेगी। इसके अलावा कप्तान मिताली राज के पास भारतीय क्रिकेट के इतिहास में कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी के बाद वर्ल्ड चैंपियन कप्तान बनने का मौका भी है। कपिल देव ने भारत को 1983 और महेंद्र सिंह धोनी ने 2011 में वर्ल्ड चैंपियन बनाया था। अगर मिताली टीम इंडिया को चैंपियन बना देती हैं, तो इतिहास के सुनहरे पन्नों में उनका नाम दर्ज हो जाएगा।
- Advertisement -