-
Advertisement
वेतन न मिलने पर हड़ताल पर गए Four Lane निर्माण में लगी कंपनी के मजदूर
Last Updated on January 14, 2020 by Deepak
मंडी। फोरलेन निर्माण में लगी अशोक चौहान एंड कंपनी का काम एक बार फिर ठप हो गया है। समय पर वेतन न मिलने से खफा मजदूर हड़ताल पर चले गए हैं। अशोक चौहान एंड कंपनी के मजदूरों ने मंगलवार सुबह सीटू के बैनर तले गेट मीटिंग (Gate Meeting) बुलाई। इस दौरान कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मजदूरों ने जोरदार नारेबाजी की। गेट मीटिंग (Gate Meeting) में निर्णय लिया गया कि जब तक वेतन का भुगतान नहीं होगा तब तक काम को ठप रखा जाएगा। हिमाचल प्रदेश भवन एवं सड़क निर्माण संगठन के ड्योड इकाई अध्यक्ष शेर सिंह ने कहा कि अशोक चौहान एंड कंपनी मजदूरों के साथ खिलवाड़ कर रही है।
यह भी पढ़ें: बर्फबारी ने लाहुल स्पीति के बिगाड़े हालात, बिजली-यातायात-पेयजल व इंटरनेट सेवा ठप
कंपनी में काम पर लगे मजदूरों को समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है, जिस कारण उनका गुजर बसर करना मुश्किल होता जा रहा है। नवंबर महीने का वेतन भी मजदूरों को दिसंबर महीने के अंत मे जाकर दिया गया और दिसंबर महीने का वेतन अभी तक नहीं दिया जा सका है। वेतन न मिलने से मजदूर वर्ग लोहड़ी (Lohri) और मकर संक्रांति जैसे त्यौहार भी नहीं मना सका। शेर सिंह ने कंपनी को चेताया है कि अगर समय पर वेतन देना शुरू नहीं किया गया तो मजदूर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे और इसकी सारी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी। वहीं जब इस बारे में कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर डीपी सिंह से बात की गई तो उन्होंने लेटलतीफी का ठीकरा बैंक के सिर फोड़ दिया। उन्होंने कहा कि वेतन अदायगी में देरी बैंक की तरफ से हो रही है। जल्द ही इसका स्थाई समाधान निकाल दिया जाएगा। बता दें कि अशोक चौहान एंड कंपनी को एफकॉन कंपनी की तरफ से 4 सुरंगों को निर्माण कार्य सौंपा गया है, लेकिन कंपनी यह काम काफी धीमी गति से कर रही है। आए दिन कंपनी के कर्मचारी और मजदूर हड़ताल पर जा रहे हैं, लेकिन कंपनी निर्माण कार्य को लेकर कोई संजीदगी नहीं दिखा रही है।