- Advertisement -
नई दिल्ली। हम बचपन से ही माया सभ्यता के बारे में किताबों में पढ़ते आए हैं। माया सभ्यता के बारे में पिछले लंबे अरसे से वैज्ञानिक खोजरत हैं। ऐसे में मैक्सिको में गोताखोरों ने एक ऐसी जलमग्न सुरंग खोज निकाली है, जिससे माया सभ्यता के अस्तित्व को लेकर कई परतें खुल सकती हैं। मैक्सिको में गोताखोरों ने पानी के अंदर 12 हजार साल पुरानी एक सुरंग खोज निकाली है। इस सुरंग की लंबाई 347 किमी है। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि इस सुरंग में कई अस्थियां और कई बर्तन भी मिले हैं। दक्षिणपूर्वी मैक्सिको में स्थित युकाटन आयलैंड में पानी के नीचे स्थित सुरंग ढूंढने के लिए ग्रैन एक्युफेरो माया (जीएएम) अभियान की शुरुआत की गई थी। इसी अभियान के तहत गोताखोरों ने इस सुरंग को खोज निकाला।
बता दें कि युकाटन आयलैंड में पानी के नीचे जलमग्न सुरंगों की पूरी श्रृंखला है, जो डॉस ओजोस से जुड़ती है। ताजा खोजी गई सुरंग का नाम सुरंग का नाम सैक एकटन रखा गया है। वहीं जीएएम के निदेशक गुलेरमो डी एंडा के मुताबिक इस सुरंग से माया सभ्यता के कई राज खुल सकते हैं। उन्होंने इसे एक बड़ी खोज बताते हुए कहा कि इस सुरंग की मदद से ये पता लगाया जा सकता है कि स्पेन के कब्जे में आने से पहले माया सभ्यता कैसी थी।
वहीं कुछ कुछ खगोलविदों व पुरातत्ववादियों का मानना है कि यह सुरंग माया सभ्यता के एक प्राचीन मंदिर से जुड़ी हुई थी। गौर रहे कि अब तक युकाटन आयलैंड पर ही माया सभ्यता के सबसे अधिक अवशेष पाए गए हैं। ऐसे में कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि इस गुफा की खोज के साथ ही माया सभ्यता से जुड़ी बस्तियों व कई तीर्थस्थलों अथवा मंदिरों की खोज भी संभव है।
- Advertisement -