-
Advertisement
चूड़धार यात्रा पर निकले युवक और युवती भटके रास्ता, रात भर चला रेस्क्यू आपरेशन, सुबह खोज निकाले
Himachal News: जिला सिरमौर की प्रसिद्ध चूड़धार की यात्रा (Churdhar Yatra)के दौरान रास्ता भटके दो पर्यटकों को पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयासों से सुरक्षित बचा लिया गया है। चंडीगढ़ से आए युवकों के दल में शामिल एक युवक और एक युवती मंगलवार देर रात लापता हो गए थे। मंगलवार देर रात चौपाल पुलिस थाना( Chopal Police Thana) में 112 हेल्पलाइन के माध्यम से एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉलर ने खुद को धीरज निवासी चंडीगढ़ बताया। उसने बताया कि वह अपने 5-6 दोस्तों के साथ नौहराधार से चूड़धार मंदिर (Churdhar Temple)की यात्रा पर आया था, लेकिन वापसी के दौरान उसके दो साथी शुभम और प्रभजोत रास्ता भटक गए हैं और उनके मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं।
समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से हादसा टला
इसके बाद पुलिस हरकत में आई और एक टीम को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। साथ ही मंदिर क्षेत्र में रहने वाले स्थानीय निवासी से सर्च ऑपरेशन में सहयोग मांगा गया। रात भर चले सर्च अभियान के बाद बुधवार सुबह दोनों लापता पर्यटकों को सुरक्षित खोज लिया गया है। चौपाल थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में घना कोहरा और मौसम खराब होने के चलते दोनों रास्ता भटक गए थे। समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से कोई बड़ा हादसा टल गया।
एचके पंडित
