-
Advertisement
कोरोना वायरस के मद्देनज़र भारत में निगरानी में रखे गए चीन से आए 2 लोग
Last Updated on January 24, 2020 by
मुंबई। कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित होने की आशंका के चलते चीन से लौटे 2 लोग मुंबई में चिकित्सकों की निगरानी में कस्तूरबा अस्पताल के अलग वॉर्ड में रखे गए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कस्तूरबा अस्पताल के अलावा पुणे के नायडू अस्पताल में भी अलग वार्ड बनाया गया है। दरअसल चीन में कोरोना वायरस से बड़ी संख्या में लोग संक्रमित हैं और इसके चलते कई लोगों की मौत हो चुकी है।
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर 19 जनवरी से 1,789 यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग हो चुकी है। इन्हीं में से दो यात्री, जो चीन से यहां आए थे, उन्हें बीएमसी (BMC) द्वारा संचालित चिंचपोकली के कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, सऊदी अरब में केरल की एक नर्स कोरोना वायरस की चपेट में है। बता दें कि इस विषाणु से संक्रमण का पहला मामला चीन के हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान से सामने आया था। चीन में कोरोना वायरस के मद्देनजर बृह्ममुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के कस्तूरबा अस्पताल में एक अलग वार्ड बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: सड़क से बर्फ हटाते अनियंत्रित होकर नाले में गिरी JCB
कोरोना वायरस विषाणुओं का एक बड़ा समूह है जो सामान्य जुकाम से लेकर श्वास तंत्र की गंभीर समस्या तक पैदा कर सकता है। चीन (China) में जिस वायरस से संक्रमित होकर लोगों की जान जा रही है, वह इससे अलग किस्म का है और इसे पहले कभी नहीं देखा गया। कोरोना वायरस से संक्रमित होने पर व्यक्ति में बुखार, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ, हांफना जैसे लक्षण नजर आते हैं।