- Advertisement -
शिमला। हिमाचल (Himachal) में पंचायती राज चुनाव के लिए आज तीसरे और अंतिम चरण का मतदान (Vote) हुआ है। तीसरे चरण में 1,137 पंचायतों में 80 फीसदी से अधिक मतदान हुआ है। मतदान प्रतिशतता 81 फीसदी के करीब रही है। इसमें पांच लाख 52 हजार के करीब पुरुषों और पांच लाख 78 हजार के करीब महिलाओं ने अपने मत का प्रयोग किया है। महिलाओं के मत की प्रतिशतता करीब 83 फीसदी रही है और पुरुषों के मत की प्रतिशतता 79 फीसदी रही है। देहरा (Dehra) उपमंडल की बणे दी हट्टी पंचायत में 108 वर्षीय बुजुर्ग अमी चंद ने मत का प्रयोग किया है। वहीं, शुहारा ग्राम पंचायत टिक्करी की 106 वर्षीय लीला ने भी मत डाला।
तीनों चरणों की बात करें तो मतदान प्रतिशतता करीब 83 फीसदी रही है। 51 लाख 50 हजार वोटरों में से 36 लाख से अधिक ने मत का प्रयोग किया है।राज्य निर्वाचन अधिकारी संजीव महाजन (State Election Officer Sanjeev Mahajan) ने जानकारी देते हुए बताया कि तीनों चरणों में 246 कोविड मरीजों ने मतदान किया है। पोलिंग पार्टियों की गलती के चलते पांच जगहों पर दोबारा मतदान करवाया गया है। बाकी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुए हैं। नालागढ़ की लोदीमाजरा पंचायत में आज सबसे अधिक 94.4 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। ऐसे ही सराज की केवल पंचायत में 94 फीसदी मतदान हुआ है। तीसरे चरण में हुए मतदान का रिजल्ट आज देर रात आ जाएगा। वहीं, जिला परिषद के 239 और बीडीसी (BDC) के 1692 सदस्यों के चुनाव के नतीजे कल आज जाएंगे। कल सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी और देर शाम तक नतीजे घोषित हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी को हिमाचल में आचार संहित हट जाएगी।
- Advertisement -