-
Advertisement
गंगा हमारी, पर सफाई किसी और की जिम्मेदारी -घाट पर कचरा बीनते विदेशी मेहमानों का वीडियो वायरल
Viral Video : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने हमारी नागरिक जिम्मेदारी और स्वच्छता के प्रति हमारी आदतों पर सीधा सवाल खड़ा कर दिया है। इस वीडियो में कुछ विदेशी पर्यटक गंगा घाट पर हाथों में डस्टबैग (कचरा थैला) लिए प्लास्टिक और कचरा बीनते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को ‘नमामि गंगे’ के आधिकारिक ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से साझा करते हुए एक बेहद तीखी और सोचने पर मजबूर करने वाली टिप्पणी लिखी गई है— “गंगा हमारी है, लेकिन सफाई किसी और की जिम्मेदारी है!”
गंगा के सान्निध्य का असर ही कुछ ऐसा है कि आप गंगा के हो जाते हो और गंगा आपकी।#Ganga pic.twitter.com/zteKQQrRvJ
— Namami Gange (@cleanganganmcg) November 25, 2026
सोशल मीडिया पर दो तरह के नजरिए
इस वायरल क्लिप के सामने आने के बाद इंटरनेट पर दो अलग-अलग दृष्टिकोण देखने को मिल रहे हैं। एक वर्ग ऐसा है जो इस वीडियो में केवल उन ‘विदेशी मेहमानों’ को देख रहा है, जो सात समंदर पार से भारत आकर हमारे घाटों की सफाई कर रहे हैं। वहीं, दूसरे वर्ग को इन लोगों में ‘जिम्मेदार नागरिक’ नजर आ रहे हैं, जो बिना किसी प्रचार या दिखावे के प्रकृति के प्रति अपना कर्तव्य निभा रहे हैं।
सवाल देश का नहीं, हमारी गंभीरता का है
यह पूरा घटनाक्रम असल में समाज के नजरिए के फर्क को उजागर करता है। मुख्य मुद्दा यह नहीं है कि सफाई करने वाले किस देश या संस्कृति से ताल्लुक रखते हैं, बल्कि असली सवाल यह है कि जो नदी हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है, उसकी स्वच्छता को लेकर हम स्वयं कितने गंभीर हैं।
हम खुद फैलाते हैं गंदगी, फिर व्यवस्था को कोसते हैं
वायरल वीडियो पर हो रही बहस के बीच एक कड़वी सच्चाई भी सामने आती है। अक्सर हम खुद ही समस्या पैदा करते हैं और फिर सरकारी तंत्र को कोसते हैं। गंगा घाटों पर आस्था के नाम पर फूल-माला, पुराने वस्त्र और पूजा सामग्री विसर्जित करना, तथा प्लास्टिक की थैलियां और खाली बोतलें वहीं छोड़कर चले जाना हमारी आम आदत बन चुकी है। इसके बाद जब घाटों पर गंदगी का अंबार दिखता है, तो सबसे आसान सवाल दागा जाता है कि “आखिर ‘नमामि गंगे’ कर क्या रहा है?”
समाज को आईना दिखाता वीडियो
विदेशी मेहमानों का यह वीडियो महज एक सोशल मीडिया क्लिप नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक आईना है। यह हमें याद दिलाता है कि स्वच्छता किसी एक विभाग या सरकार का काम नहीं, बल्कि यह सामूहिक चेतना का विषय है। जब तक हम गंगा घाटों को ‘सिर्फ पूजा और कचरा छोड़ने की जगह’ के बजाय ‘एक जीवंत और पवित्र धरोहर’ के रूप में नहीं देखेंगे, तब तक ऐसे वीडियो हमें शर्मिंदा करते रहेंगे।
पंकज शर्मा
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
