-
Advertisement
Una श्रम विभाग के ऑफिस के बाहर कामगारों ने बोला हल्ला, नारेबाजी भी की
Last Updated on February 26, 2020 by Sintu Kumar
ऊना। श्रम विभाग के ऊना (Una) ऑफिस के बाहर बुधवार को मिडास केयर उद्योग बाथू के कामगारों ने मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कामगारों को संबोधित करते हुए प्रदेश इंटक महासचिव एवं जिलाध्यक्ष जगत राम शर्मा ने कहा कि श्रम विभाग ने कामगारों की मांगों का मसला हल करने के लिए हाथ खड़े कर दिए हैं। उद्योगपति एवं प्रबंधक कामगारों की एक भी मांग मानने को तैयार नहीं है। जगत राम शर्मा बुधवार को कामगारों के प्रतिनिधिमंडल के साथ श्रम विभाग ऊना पहुंचे थे। बाथू के उद्योग से निकाले गए कामगारों ने विभाग के कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया तथा उद्योग प्रबंधन एवं श्रम विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
इस मौके पर कामगारों समेत जगत राम शर्मा ने केंद्र व राज्य की बीजेपी सरकार को भी जमकर कोसा। जगत राम ने कहा कि उद्योग प्रबंधन वर्ग कह रहा है कि यह कामगार ठेकेदार के हैं, इनसे उनका कोई लेना देना नहीं है। जबकि श्रम कानूनों के अनुसार कामगारों को सभी तरह के वेतन सहित सभी देनदारियां प्रिंसिपल एंप्लायर उद्योगपति की हैं। ठेकेदार अपने पैरों पर पानी भी पड़ने नहीं देते। जगत राम ने बताया कि इससे पूर्व इंटक यूनियन ने जिला प्रशासन को मामले को लेकर कई बार गुहार लगाई। लेकिन फिर भी कामगारों की कहीं भी सुनवाईं नहीं हुई। कामगारों ने जिला प्रशासन व उद्योग एवं श्रम मंत्री बिक्रम ठाकुर से भी अपनी व्यथा जाहिर की थी, लेकिन समाधान आज भी शून्य ही है।