-
Advertisement
#Kullu_Dussehra : भगवान रघुनाथ का सोने-चांदी से श्रृंगार
Last Updated on October 29, 2020 by Deepak
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव (International Kullu Dussehra Festival) के पांचवें दिन ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में एक दर्जन देवी-देवताओं के अस्थाई शिविरों में वाद्ययंत्रों की देवधुनों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई। देवी-देवताओं के अस्थाई शिविर में श्रद्धालु हाजिरी लगाकर आशीर्वाद ले रहे हैं।
वहीं, भगवान रघुनाथ के अस्थाई शिविर में पांचवें दिन मध्याहन पूजा में छड़ीबरदार महेश्वर सिंह व पुजारियों ने विधि-विधान से भगवान रघुनाथ को पीले वस्त्र पहनाकर व सोने चांदी की मालाओं से मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान रघुनाथ, माता सीता, हनुमान, शालिग्राम, नरसिंह भगवान के दर्शन किए।
महेश्वर सिंह (Maheshwar Singh) ने बताया कि भगवान रघुनाथ को हर दिन वार के हिसाब से वस्त्र पहनाए जाते हैं। आज गुरुवार के दिन उनका पीले वस्त्र पहनाकर हार श्रंगार किया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान रघुनाथ की हर दिन 4 बार पूजा आरती की जाती है जिसके बाद भगवान रघुनाथ दोपहर में 1 बजे 4 बजे तक आराम करते हैं और रात को 10 बजे सुबह 8 बजे तक शयन करते हैं। हर दिन भगवान की दशावर्ण पूजा पद्धति से मंत्रोच्चारण के साथ स्नान हार श्रृंगार किया जाता है जिससे भगवान के दर्शनों के लिए अस्थाई शिविर में श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं।