-
Advertisement
आनी में बारिश ने मचा दी तबाही, टिप्पर बहा, पुल टूटा -कई घरों को खतरा
आनी। हिमाचल (Himachal) में मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए यलो अलर्ट( yellow alert) के बीच जिला कुल्लू के आनी उपमंडल (Anni Sub-Division) के अमरबाग कुशकुटल में शुक्रवार देर रात्रि भारी बारिश ने क्षेत्र में खासी तबाही मचाई। तेज बारिश के बाद आई बाढ़ से क्षेत्र में जहां उपजाऊ भूमि सहित फलदार सेब पौधे को नुकसान हुआ है। इसके अलावा सड़क किनारे खड़ा टिप्पर भी बाढ़ की चपेट में आ गया। इसके अलावा एक छोटा पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। बाढ़ के ख़ौफ़ से ग्रामीण बेहद सहमे हुए हैं। उधर कुटल अमर बाग क्षेत्र में तीन-चार घरों को भूस्खलन का खतरा पैदा गया है। इन घरों के लोगों ने अपने रिहायशी मकान छोड़कर खौफ के साये में खुले में रात गुजारी।भारी बारिश से हुई इस क्षति का जायजा लेने के लिए आनी से पुलिस व प्रशासन की टीम जल्द मौके के लिए रवाना हो गई है ।

तहसीलदार आनी दलीप शर्मा ने बताया कि वे राजस्व टीम के साथ जल्द प्रभावित स्थल की ओर रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचने के बाद हालात का जायजा लिया जाएगा और राहत व बचाव कार्य भी शुरू किया जाएगा। उधर मौसम विभाग ने ने 27 से 30 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कई भागों में आगामी दिनों तक भयंकर बारिश होने के आसार हैं। वहीं, आगामी 2 सितंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा। अगले चार दिनों तक सैलानियों को खतरनाक स्थलों से पर ना जाने की हिदायत दी है। साथ ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों को नदी व नालों से दूर रहने की सलाह दी है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Subscribe करें हिमाचल अभी अभी का Telegram Channel…

