-
Advertisement
हिमाचल में यहां पैराग्लाइडिंग के बाद अब शुरू हुई वाटर स्पोर्टस गतिविधियां, वीरेंद्र कंवर ने की बोटिंग
ऊना। हिमाचल के ऊना जिला में भी अब वाटर स्पोर्टस गतिविधियां शुरू हो गई हैं। आज यानी गुरुवार को गोविंद सागर झील (Govind Sagar lake) में साहसिक खेलों के क्रम में वाटर स्पोर्ट्स (Water Sports) का पहला ट्रायल आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश के कृषि मंत्री और स्थानीय विधायक वीरेंद्र कंवर ने ट्रायल में भाग लेकर इन खेलों को गोविंद सागर झील में विधिवत रूप से शुरू करने की तरफ इशारा किया। गुरुवार को हुए ट्रायल में मोटर बोट की सवारी के साथ-साथ पैडल बोटिंग, वाटर स्कूटर और स्कीइंग के भी ट्रायल आयोजित किए गए। इस मौके पर कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर (Agriculture Minister Virender Kanwar) ने कहा कि पहली बार कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक बनने के बाद से ही विधानसभा क्षेत्र में साहसिक खेलों को स्थापित करने का उनका लक्ष्य रहा है। इस दिशा में समय-समय पर प्रयास भी किए गए, लेकिन अब जब बीजेपी (BJP) प्रदेश की सत्ता पर काबिज है तो जनता के हित में किए जाने वाले सभी कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: निजी हाथों में जा सकते हैं कांगड़ा हवाई अड्डे सहित 13 एयरपोर्ट

उन्होंने कहा कि इसी विधानसभा क्षेत्र में पहले पैराग्लाइडिंग (Paragliding) का सफल ट्रायल हो चुका है। अब यहां पर वाटर स्पोर्ट्स को विधिवत तरीके से स्थापित किया जाएगा। जिससे यहां पर साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार भी उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन को सफल ट्रायल के लिए बधाई भी दी। कृषि मंत्री ने कहा कि यहां पर पर्यटन (Tourism) विकास के साथ-साथ साहसिक खेलों के लिए अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इन सभी संभावनाओं का पूरी तरह दोहन करते हुए क्षेत्र का विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही यहां पर वाटर स्पोर्ट्स हेल्पर की स्थापना की जाएगी जिसके लिए प्रदेश सरकार से 1 करोड़ रुपए से अधिक का बजट भी मिल चुका है। जिला प्रशासन पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से इस दिशा में काम करते हुए जल्द इस सेंटर को मूर्त रूप देंगे। ताकि यहां पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के ठहरने की व्यवस्था की जा सके।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


