-
Advertisement
दुनिया का पहला शाकाहारी शहर, यहां पूरी तरह से बैन है मीट
हमारा देश विविधताओं से भरा देश है। हमारे देश में कई तरह के प्राचीन और दिव्य धार्मिक स्थल हैं। भारत के हर राज्य हर मंदिर की अपनी खासियत है। क्या आप जानते हैं कि हमारे भारत में एक जगह ऐसी भी है, जो दुनिया के पहले शाकाहारी शहर के रूप में जानी जाती है। हम बात कर रहे हैं गुजरात (Gujarat) के पालीताना शहर की।
यह भी पढ़ें:दुनिया का सबसे रहस्यमयी शहर, प्लेस ऑफ गॉड के नाम से है मशहूर
बता दें कि पालीताना शहर गुजरात के भावनगर जिले में स्थित है। यहां शंत्रुजय की पहाड़ी है, जहां पर करीब एक हजार जैन मंदिर हैं और जैन अनुयायी भी बड़ी संख्या में रहते हैं। ऐसे में इस शहर में काफी लंबे समय से लोग बूचड़खाने बंद किए जाने की मांग कर रहे थे। इसके बाद साल 2014 में 200 से ज्यादा जैन मुनि और संतों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी।
लोगों ने सरकार से शहर में जानवरों को मारने पर रोक लगाने और बूचड़खाने को बंद किए जाने की मांग की। इसके बाद सरकार ने उनकी मांग मान ली और एक सख्त कानून भी बनाया। इसके अलावा सरकार ने इसे विश्व का पहला शाकाहारी शहर घोषित कर दिया।
पालीताना की खासियत
पालीताना शहर में जैन मंदिरों की श्रृंखला है, जिसमें से मुख्य मंदिर जैन (Jainism) धर्म के पहले तीर्थंकर भगवान आदिनाथ को समर्पित है। यहां सबसे बड़ा चौमुखा मंदिर है। इसके अलावा यहां कुमारपाल, समप्रति राज और विमल शाह मंदिर भी हैं। ये मंदिर संगमरमर पत्थरों से बनाए गए हैं, जिसके चलते ये मंदिर वास्तुकला का अद्भुत नमूना माने जाते हैं।
बताया जाता है कि यहां जैन मंदिरों का निर्माण 11वीं और 12वीं शताब्दी के दौरान किया गया था। मान्यता है कि यहां पर ऋषि-मुनियों को मोक्ष की प्राप्ति हुई थी, इसलिए इस शहर को जैन अनुयायियों का सबसे पवित्र शहर माना जाता है।