-
Advertisement

हिमाचल: चंबा के पांगी में आया ग्लेशियर, पेयजल व्यवस्था हुई तबाह
चंबा। हिमाचल के चंबा जिला में भारी बर्फबारी के बाद अब हिमस्खलन (Avalanche) होने शुरू हो गए हैं। जिला के पांगी घाटी (Pangi Valley) में आज यानी शुक्रवार को हिमस्खलन हुआ है। गनीमत रही कि ग्लेशियर गांव तक नहीं पहुंचा, वरना इस गांव में बने 70 घरों को नुकसान पहुंचता और कई जानें जातीं। लेकिन इस हिमस्खलन ने पांगी घाटी की पेयजल व्यवस्था (Drinking Water System) को पूरी तरह से तबाह कर दिया है। पेयजल व्यवस्था के तबाह होने से अब लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। जिससे घाटी के लोग अब अपनी प्यास बुझाने के लिए बर्फ का सहारा ले रहे हैं। लोग बर्फ पिघला कर पानी की कमी को पूरा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: मनाली और अटल टनल के पास 3 फीट बर्फबारी, जाने कब तक साफ होगा मौसम

मिली जानकारी के अनुसार आज यानी शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे फिंडपार गांव के नाला में एक बड़ा ग्लेशियर आया। इस नाले से ही उपरोक्त गांव को पेयजल अपूर्ति सुविधा मुहैया करवाई जाती है। ग्लेशियर से अब पूरी तरह से पानी की सप्लाई ठप पड़ गई है। ग्लेशियर आने की वजह से मलबे के नीचे जल शक्ति विभाग (Jal Shakti Department) की पाइप लाइन दब गई है, जो अब जाम हैं। पेयजल व्यवस्था ठप होने की वजह से अब इस गांव के लोगों को अपनी प्यास बुझाने के लिए और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बर्फ पिघलाकर काम चलाना पड़ेगा। गौरतलब है कि बीते दिनों पांगी के मिंधल गांव के पास नाले में ग्लेशियर गिरने की घटना घटी थी। इसके बाद शुक्रवार को दूसरी बार ग्लेश्यिर गिरा, जिससे लोग दहशत में हैं।