-
Advertisement
संगड़ाह में आसमानी बिजली ने जला डाला गरीब महिला का आशियाना
नाहन। संगड़ाह उपमंडल के बडय़ाल्टा गांव में शुक्रवार रात आसमानी बिजली गिरने से गणेसो देवी नाम की महिला का कच्चा घर जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि घटना के दौरान महिला और उसके बेटे घर पर नहीं थे। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना में घर का सारा सामान जलने से महिला अपने बेटों के साथ दूसरों घर में रहने पर मजबूर हो गई है। इस घटना में महिला की जरसी गाय की भी मौत हो गई।
कपड़े, बर्तन समेत सारा सामान जलकर राख, पड़ोसियों ने दी शरण
बताया जा रहा है कि महिला के पति का निधन करीब एक दशक पहले हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही बीडीसी अध्यक्ष संगड़ाह मेलाराम शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को जरूरी सामान भी उपलब्ध कराया। यहां के ग्रामीणों ने भी गणेसो देवी को कुछ जरूरी सामान उपलब्ध कराकर पीड़ित परिवार को एक पड़ोसी के घर ठहरने की वैकल्पिक व्यवस्था की है। मेलाराम शर्मा ने पीड़ित परिवार को प्रशासन से फौरी राहत प्रदान करने की मांग की है। नायब तहसीलदार संगड़ाह मदन लाल ने बताया कि उन्होंने पटवारी को नुकसान का जायजा लेने मौके पर भेजा गया है।

