-
Advertisement
![](https://himachalabhiabhi.com/wp-content/uploads/2023/07/delhi-4.jpg)
दिल्ली-एनसीआर में फिर बाढ़ जैसे हालात का खतरा, 3100 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू
नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना (Yamuna in Delhi) फिर उफन रही है। दिल्ली रेलवे ब्रिज के पास गुरुवार को यमुना का जलस्तर 205.75 मीटर दर्ज किया गया है। उधर, नोएडा में यमुना की सहायक नदी हिंडन (Water Level of Hindan River in Noyda) का जलस्तर गुरुवार सुबह 196.84 मीटर पर है। यमुना का पानी दिल्ली के निचले इलाकों में घुसने लगा है। इसे देखते हुए दिल्ली के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से घर खाली करवाया गया है। ग्रेटर नोएडा में बाढ़ ग्रस्त करीब 17 गांवों से 3100 से ज्यादा लोगों को निकाला गया है। इन सभी को शेल्टर होम में पहुंचाया गया है। करीब 1600 हेक्टेयर जमीन पर बाढ़ के पानी का कब्जा है।
बुधवार को यमुना नगर स्थित हथिनिकुंड बैराज (Hathinikund Barrage) पर पानी का प्रभाव 30,000 क्यूसे के बढ़कर 50,000 क्यूसेक प्रति घंटा था। मौसम विभाग ने दिल्ली में आने वाले दिनों में बारिश होने का अनुमान जताया है। इससे दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर बाढ़ जैसे हालात पैदा होने का खतरा मंडराने लगा है। गौतमबुद्ध नगर के डीएम मनीष कुमार वर्मा और नोएडा अथॉरिटी के सीईओ लोकेश एम ने कुछ प्रभावित गांवों का दौरा किया और हिंडन नदी के तट के करीब बाढ़ से पैदा हुए हालातों का जायजा लिया। डीएम ने कहा कि प्रभावित जगहों का दौरा कर ग्राउंड जीरो का जायजा लिया गया है। इसके अलावा डीएम ने प्रशासन द्वारा बनाए गए शेल्टर होम का भी दौरा किया और वहां लोगों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। ग्रेटर नोएडा के इकोटेक 3 इलाके में कारों के लिए बने एक यार्ड में हिंडन नदी का पानी समा गया। यह यार्ड एक निजी कंपनी की थी। यार्ड में पानी समा जाने की वजह से सभी कारें जलमग्न नजर आईं।